Home / Uncategorized / श्रीराम मंदिर की झलक के बीच षष्ठी बोधन के साथ हिण्डाल्को में दुर्गापूजनोत्सव का शुभारंभ

श्रीराम मंदिर की झलक के बीच षष्ठी बोधन के साथ हिण्डाल्को में दुर्गापूजनोत्सव का शुभारंभ

पूर्वांचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी

सोनभद्र रेणुकूट| शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर हिण्डाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के आवासीय परिसर स्थित मिताली क्लब में हिण्डाल्को प्रबंधन के सहयोग से दुर्गापूजनोत्सव का शुभारंभ श्रद्धा एवं उल्लास के साथ हुआ। इस वर्ष पंडाल में अयोध्या के भव्य श्रीराम मंदिर की झलक श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। कोलकाता से आए कुशल कारीगरों द्वारा तैयार भव्य पंडाल आकर्षक विद्युत सज्जा से जगमगा रहा है। पंडाल में मां दुर्गा के साथ माता लक्ष्मी, माता सरस्वती, भगवान गणेश एवं भगवान कार्तिकेय की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं।

समारोह में मुख्य अतिथि श्री समीर नायक तथा विशिष्ट अतिथि श्री जसबीर सिंह, श्री अजय सिन्हा, श्री जयेश पवार, श्री राजेश कपूर सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। अतिथियों ने मां दुर्गा की आरती एवं पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मिताली क्लब के अध्यक्ष श्री तपस चौधरी, श्री तपन पाल, दुर्गा पूजा समिति के समन्वयक श्री उत्तम मन्ना, श्री अर्घा सिन्हा, महासचिव श्री अभिजीत बंधु सहित क्लब के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

मिताली क्लब में वर्ष 1962 से दुर्गापूजा का आयोजन बंगाली रीति-रिवाजों के अनुसार किया जा रहा है। समारोह में क्लब के बच्चों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक ‘महिषासुर मर्दिनी’ नृत्य-नाटिका ने दर्शकों का मन मोह लिया। आयोजकों ने बताया कि पांच दिवसीय दुर्गोत्सव के दौरान धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ पंडाल के आसपास लगे मेले में श्रद्धालु विभिन्न व्यंजनों एवं खरीदारी का आनंद ले सकेंगे। इस आयोजन में रेणुकूट सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *