क्षेत्राधिकारी हर्ष पाण्डेय के निर्देशन में पिपरी और रेणुकूट में चला विशेष चेकिंग अभियान, हिस्ट्रीशीटरों का भी हुआ सत्यापन
पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी
पिपरी, सोनभद्र। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पिपरी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। त्योहार के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को देखते हुए थाना पिपरी पुलिस ने पिपरी एवं रेणुकूट क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सोने-चांदी के आभूषणों की दुकानों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की जांच की गई। साथ ही थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन भी किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष कुमार पाण्डेय के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत पुलिस टीम ने विभिन्न ज्वेलर्स प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, निगरानी व्यवस्था और अन्य सुरक्षा संसाधनों की जांच की गई। पुलिस ने व्यापारियों को सतर्क रहने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
वहीं, अभियान के दौरान थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटरों की चेकिंग एवं सत्यापन कर उनकी मौजूदा गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले अराजक तत्वों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।
दीपावली के मद्देनजर पुलिस बाजारों, प्रमुख व्यापारिक प्रतिष्ठानों और संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता बरत रही है। इस अभियान का उद्देश्य संभावित आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के साथ व्यापारियों और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास कायम करना है।
पिपरी पुलिस ने व्यापारियों एवं आमजन से सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस की सक्रियता से त्योहार के दौरान बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि लोग निर्भीक होकर दीपावली का पर्व हर्षोल्लास एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मना सकें।









