सकलडीहा / कमालपुर। जय हिंद राष्ट्रीय पत्रकार संघ जिला इकाई चंदौली की एक महत्वपूर्ण बैठक कमालपुर स्थित रस्तोगी लॉन में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सुनील सिंह ने की, जबकि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह शक्ति मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार राम मनोहर तिवारी ने किया।
बैठक की शुरुआत में उपस्थित पत्रकारों ने मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह शक्ति का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। इसके बाद संगठन के एजेंडे पर विस्तार से चर्चा शुरू हुई।
संगठन की मजबूती पर जोर
बैठक में सबसे ज्यादा जोर संगठन को जिला स्तर से लेकर तहसील और ब्लॉक स्तर तक मजबूत करने पर दिया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह शक्ति ने कहा कि पत्रकार समाज का चौथा स्तंभ है और जब तक संगठन मजबूत नहीं होगा, तब तक पत्रकारों की आवाज शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से नहीं पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि हर पत्रकार को संगठन से जोड़कर एकजुट रहना होगा, तभी पत्रकारों के हितों की रक्षा हो सकेगी।
जिला अध्यक्ष सुनील सिंह ने कहा कि चंदौली जिले में संगठन का लगातार विस्तार हो रहा है। आने वाले दिनों में सभी तहसीलों में कार्यकारिणी का गठन कर पत्रकारों को संगठन से जोड़ा जाएगा। उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि वे निष्पक्ष, निर्भीक और तथ्यपरक पत्रकारिता करें और किसी भी दबाव में न आएं।
पत्रकारों की समस्याओं पर चर्चा
बैठक में पत्रकारों के सामने आ रही विभिन्न समस्याओं पर भी खुलकर चर्चा हुई। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्र में काम करने वाले पत्रकारों ने बताया कि खबरों के संकलन के दौरान उन्हें कई बार कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि संगठन हर स्तर पर पत्रकारों के साथ खड़ा है और उनकी सुरक्षा व सम्मान के लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा।
संचालक राम मनोहर तिवारी ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल सदस्यता बढ़ाना नहीं, बल्कि पत्रकारों में एकता, अनुशासन और आपसी सहयोग की भावना पैदा करना है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़ा रहना चाहिए।
दिवंगत प्रधान सुदामा जायसवाल को दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के अंत में जय हिंद पत्रकार संगठन के सभी साथियों ने कमालपुर के दिवंगत प्रधान सुदामा जायसवाल को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। सुदामा जायसवाल की विगत दिनों स्वास्थ्य खराब होने से मौत हो गई थी। इस पर प्रकाश डालते हुए प्रदेश संयोजक जलील अंसारी ने कहा कि सुदामा जायसवाल मिलनसार और अच्छे व्यक्ति थे। उनकी अल्प आयु में मौत हो जाना परिवार के लिए भारी क्षति है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
ये रहे मौजूद
बैठक में प्रदेश संयोजक जलील अंसारी, जिला प्रभारी अशोक मिश्रा, जिला संयोजक जमील खान, सकलडीहा तहसील अध्यक्ष अनिल सेठ, तहसील महामंत्री चंद्रशेखर राय, उदय कुमार राय, सेनापति कुमार मौर्य, लाल साहब भाई लाल, ओमप्रकाश मौर्य, श्री प्रकाश यादव, सत्येंद्र यादव, फकरे आलम, प्रदीप गुप्ता, बलिस्टर यादव, अख्तर अली, राजेश गुप्ता सहित जिले के विभिन्न तहसीलों से बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
अंत में जिला अध्यक्ष सुनील सिंह ने आए हुए सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया।










