इंदरगढ़। कन्नौज जिले के इंदरगढ़ क्षेत्र में सोमवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन दोस्तों की मौत हो गई, जबकि उनका चौथा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा तिर्वा-इंदरगढ़ मार्ग पर कचाटीपुर गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बाइक को टक्कर मारने वाला वाहन थार हो सकता है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
जानकारी के मुताबिक, आगौस गांव निवासी 35 वर्षीय विजय कुमार सोमवार रात करीब 11:30 बजे अपने तीन दोस्तों 28 वर्षीय मनीष कुमार सविता, 45 वर्षीय वेदराम पाल और 30 वर्षीय आशीष कुमार सविता के साथ बाइक से विशेनेपुर्वा गांव जा रहे थे। इसी दौरान कचाटीपुर गांव के पास सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि विजय कुमार, मनीष कुमार सविता और वेदराम पाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, आशीष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया।
थार होने की आशंका, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया। शुरुआती चर्चा में वाहन थार बताया जा रहा है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वाहन और उसके चालक का पता लगाया जा सके।
तीन दोस्तों की मौत से आगौस गांव में मातम पसरा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार वाहन की तलाश जारी है।










