Home / Uncategorized / साहित्य, संस्कृति और काव्य की त्रिवेणी बना डॉ. रामसेवक ‘विकल’ का स्मरण एवं पुस्तक विमोचन समारोह

साहित्य, संस्कृति और काव्य की त्रिवेणी बना डॉ. रामसेवक ‘विकल’ का स्मरण एवं पुस्तक विमोचन समारोह

राजीव शंकर चतुर्वेदी
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। डॉ. रामसेवक ‘विकल’ साहित्य कला संगम सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में ईसारी सलेमपुर (बलिया) में डॉ. रामसेवक ‘विकल’ का पुण्य स्मरण एवं पुस्तक विमोचन समारोह साहित्य, संस्कृति और काव्य की त्रिवेणी के रूप में अत्यंत भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस गरिमामयी आयोजन में देश के विभिन्न क्षेत्रों से पधारे प्रतिष्ठित साहित्यकारों, कवियों, लोक कलाकारों और गणमान्य अतिथियों ने भारी संख्या में सहभागिता की। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि जनपद के वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद दुबे द्वारा सांस्कृतिक परंपरा के अनुरूप माँ सरस्वती की वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन किया गया। इसके पश्चात उपस्थित अतिथियों ने साहित्यकार डॉ. रामसेवक ‘विकल’ के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने उनके कृतित्व, व्यक्तित्व, उनके रचनात्मक योगदान और समाज के प्रति उनकी संवेदनशील दृष्टि का स्मरण करते हुए उनके साहित्यिक सफर पर विस्तार से प्रकाश डाला।

‘प्रज्ञा पुष्प’ पुस्तक का विमोचन और परिचर्चा बनी आकर्षण का केंद्र

समारोह का मुख्य आकर्षण डॉ. आदित्य कुमार ‘अंशु’ द्वारा संपादित पुस्तक ‘प्रज्ञा पुष्प’ की परिचर्चा एवं उसका भव्य विमोचन रहा। कार्यक्रम के दौरान डॉ. आदित्य कुमार ‘अंशु’ ने पुस्तक की विषयवस्तु, उसकी सार्थकता और उसके विभिन्न साहित्यिक पक्षों पर सारगर्भित प्रकाश डाला। इसके बाद मंचासीन अतिथियों के कर-कमलों द्वारा पुस्तक का लोकापर्ण किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ कोषागार अधिकारी आनंद दुबे तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी सत्येंद्र शर्मा उपस्थित रहे। मंचासीन अतिथियों ने अपने उद्बोधन में साहित्य और संस्कृति के संरक्षण पर जोर दिया। इस अवसर पर पट्टा अभिषेक एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें देश भर से आए साहित्यकारों, कवियों एवं लोक कलाकारों को अंगवस्त्र, पगड़ी तथा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह की एक अन्य प्रमुख विशेषता प्रख्यात साहित्यकार एवं पत्रकार डा. सुनील ओझा का सम्मान रही। उन्हें उत्कृष्ट पत्रकारिता एवं साहित्य सेवा के लिए प्रतिष्ठित ‘विकल पत्रकार सम्मान’ से अलंकृत किया गया। इसके साथ ही, पूरे कार्यक्रम का अत्यंत ओजस्वी और सधा हुआ संचालन डा. सुनील ओझा द्वारा ही किया गया, जिसकी सभी उपस्थित जनों ने भूरी-भरी प्रशंसा की। आयोजकों ने अंत में कहा कि ऐसे साहित्यिक आयोजन हमारी अमूल्य सांस्कृतिक विरासत को सहेजने, नई पीढ़ी को साहित्य के प्रति आकर्षित करने और लोकसंस्कृति को प्रोत्साहित करने का एक सशक्त माध्यम हैं। कार्यक्रम का समापन आयोजकों की ओर से आभार प्रदर्शन और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *