पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली) पल्टू मिश्रा
सीसीटीवी फुटेज और पुलिस की सक्रियता से चंद घंटों में तलाशे गए दो बैग, महिला ने घुघली पुलिस का जताया आभार
महराजगंज। घुघली पुलिस की तत्परता और ईमानदारी ने एक बार फिर खाकी का मान बढ़ाया है। ई-रिक्शा में छूटे महिला के दो बैग को पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से तलाश कर सुरक्षित वापस करा दिया। बैग में रखे 10 हजार रुपये नकद सहित पूरा सामान सुरक्षित मिलने पर महिला ने पुलिस टीम की सराहना की।
जानकारी के अनुसार, घुघली थाना क्षेत्र की संगीता यादव पत्नी संतोष यादव मलाही पटी से ई-रिक्शा द्वारा सिसवा जा रही थीं। रास्ते में वह घुघली के सुभाष चौक पर उतर गईं, लेकिन जल्दबाजी में ई-रिक्शा की छत पर रखे अपने दो बैग उतारना भूल गईं। इसके बाद वह दूसरे साधन से सिसवा पहुंचीं। वहां पहुंचने पर उन्हें बैग छूटने की जानकारी हुई। परेशान महिला वापस घुघली पहुंचीं।
इसी दौरान शाम को पैदल गश्त कर रहे थाना प्रभारी अरविंद सिंह से महिला ने अपनी परेशानी बताई। थाना प्रभारी ने तत्काल मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम को सक्रिय किया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और विभिन्न वाहन स्टैंडों पर पूछताछ कर बैग की तलाश शुरू की। पुलिस की मेहनत रंग लाई और दोनों बैग बरामद कर लिए गए।
बैग में रखे 10 हजार रुपये नकद सहित अन्य सामान सुरक्षित मिलने पर पुलिस ने महिला को वापस सौंप दिया। अपना खोया सामान वापस पाकर संगीता यादव ने घुघली पुलिस के प्रति आभार जताया।
इस सराहनीय कार्य में थाना प्रभारी अरविंद सिंह, चौकी प्रभारी शिवम राय, हेड कांस्टेबल कृष्णकांत यादव एवं कांस्टेबल उज्ज्वल कुमार दीक्षित मौजूद रहे।










