Home / Uncategorized / वर्षों की तपस्या से बना संगठन, अब नेतृत्व की चुप्पी में कार्यकर्ताओं का भविष्य दांव पर,हिंदू युवा वाहिनी पर किसकी नजर?

वर्षों की तपस्या से बना संगठन, अब नेतृत्व की चुप्पी में कार्यकर्ताओं का भविष्य दांव पर,हिंदू युवा वाहिनी पर किसकी नजर?

कृष्णा पंडित की कलम से✍🏻

वर्षों की तपस्या से बना संगठन, अब नेतृत्व की चुप्पी में कार्यकर्ताओं का भविष्य दांव पर

हिन्दू युवा वाहिनी की स्थापना अप्रैल 2002 में रामनवमी के अवसर पर तत्कालीन गोरखपुर सांसद एवं गोरक्षपीठ के महंत योगी आदित्यनाथ ने की थी। इसका प्रारंभिक आधार गोरखपुर और आसपास के पूर्वांचल के जिले रहे।
संगठन के घोषित उद्देश्यों में प्रमुख रूप से शामिल थे:
हिंदू समाज में सामाजिक समरसता का संदेश।
छुआछूत और जातिगत भेदभाव के विरुद्ध जागरूकता।
हिंदू संस्कृति एवं परंपराओं का संरक्षण।
गौ-संरक्षण के प्रति जागरूकता।
युवाओं को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना।

ब्रांड बन चुके नाम को कब्जाने की कोशिश या संगठन के अस्तित्व की लड़ाई? मुखिया की खामोशी ने खड़े किए कई गंभीर सवाल…?

हिंदुत्व के विचार और सामाजिक गतिविधियों के नाम पर वर्षों तक जमीन पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं ने जिस संगठन को अपनी मेहनत, संघर्ष और समर्पण से पहचान दिलाई, आज उसी हिंदू युवा वाहिनी के नाम और अस्तित्व को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सवाल सिर्फ संगठन का नहीं, बल्कि उन हजारों कार्यकर्ताओं के सम्मान, भविष्य और राजनीतिक पहचान का भी है, जिन्होंने अपनी जवानी और समय इस संगठन को खड़ा करने में लगाया !

आखिर वर्षों की मेहनत पर अचानक दावेदारी क्यों?

हिंदू युवा वाहिनी कोई रातों रात तैयार हुआ नाम नहीं है। इस नाम की पहचान बनाने में कार्यकर्ताओं का योगदान, संगठनात्मक मेहनत और वर्षों का संघर्ष जुड़ा रहा है। ऐसे में यदि संगठन के नाम, नेतृत्व, अधिकार या संचालन को लेकर कोई विवाद खड़ा होता है, तो यह स्वाभाविक है कि पुराने कार्यकर्ताओं के मन में बेचैनी पैदा होगी।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या संगठन की पहचान को लेकर कोई सुनियोजित खींचतान चल रही है? क्या कुछ लोग वर्षों से स्थापित नाम का राजनीतिक या व्यक्तिगत लाभ उठाना चाहते हैं ? या फिर संगठन के भीतर ही नेतृत्व और अधिकारों को लेकर असहमति गहराती जा रही है?

मुखिया की चुप्पी, कार्यकर्ताओं की सबसे बड़ी परेशानी

किसी भी बड़े संगठन में नेतृत्व की जिम्मेदारी सिर्फ मंच से भाषण देना या समर्थकों के बीच उपस्थिति दर्ज कराना नहीं होती। संकट के समय नेतृत्व का स्पष्ट रुख ही कार्यकर्ताओं का भरोसा बचाता है।
यदि संगठन के नाम, अधिकार और भविष्य को लेकर असमंजस है, तो मुखिया की चुप्पी आखिर किसके हित में है? कार्यकर्ता जवाब चाहते हैं।

चुप्पी कभी-कभी विवाद को शांत नहीं करती, बल्कि संदेह और असंतोष को और गहरा कर देती है

कार्यकर्ताओं की मेहनत का हिसाब कौन देगा?

संगठन को पहचान दिलाने वाले कार्यकर्ता आज यदि खुद अपनी पहचान और भूमिका को लेकर सवालों में घिरे हैं, कार्यकर्ताओं को केवल भीड़ जुटाने, नारे लगाने और कार्यक्रम सफल बनाने की मशीन नहीं समझा जा सकता !
उनकी मेहनत का सम्मान होना चाहिए। संगठन के नाम पर किसी भी प्रकार की दावेदारी हो, तो उसका समाधान पारदर्शी तरीके से सामने आना चाहिए।

हिंदू युवा वाहिनी के नाम और भविष्य को लेकर उठ रहे सवालों पर स्पष्टता जरूरी है। संगठन का इतिहास, उसकी वैधानिक स्थिति, नेतृत्व का अधिकार और पुराने कार्यकर्ताओं की भूमिका सार्वजनिक रूप से स्पष्ट होनी चाहिए।

पूर्वांचल के आसपास जिलों में कार्य कर रहे कार्यकर्ता असमंजस में और ऊहा पो की स्थिति से गुजर रहे हैं ! उनका संगठन का भविष्य और वर्तमान में चल रहे विवाद और नए संगठन का आगमन से परेशान और उलझते दिख रहे हैं !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *