उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बीजेपी के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने बड़ा बयान दिया है। जालौन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि 2027 में मुख्यमंत्री का चेहरा कमल का फूल होगा। साथ ही उन्होंने दावा किया कि बीजेपी उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की तैयारी में है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भी जनता बीजेपी के पक्ष में जनादेश देगी और प्रदेश में कमल खिलेगा।
महिलाओं को दिसंबर में 20-20 हजार रुपये दिए जाने की बात पर मौर्य ने कहा कि महिलाओं के सम्मान में बीजेपी हमेशा आगे रही है।
सपा और कांग्रेस के बीच संभावित गठबंधन को लेकर केशव मौर्य ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि दोनों दल चाहें तो खिचड़ी पका लें या उनकी खिचड़ी कच्ची रह जाए, लेकिन सपा-कांग्रेस आने वाली नहीं हैं और बीजेपी सत्ता से जाने वाली नहीं है।
उन्होंने दावा किया कि बीजेपी 2027 में भी भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी और जनता समाजवादी पार्टी की साइकिल को पंचर कर देगी।केशव मौर्य ने पिछली सपा सरकारों की तुलना बीजेपी सरकार से करते हुए कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के कमल के निशान को मतदाता सुरक्षा और बेहतर शासन से जोड़ते हैं, जबकि सपा के साइकिल निशान को उन्होंने आपराधिक दबदबे की वापसी से जोड़कर निशाना साधा।उन्होंने सपा के भविष्य को लेकर भी दावा किया और कहा कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी का कोई भविष्य नहीं है, कम से कम 2047 तक तो नहीं।विपक्षी दलों की चुनावी रणनीति पर केशव मौर्य ने कहा कि सपा और कांग्रेस का मकसद बीजेपी के जीत के रथ को रोकना है, लेकिन यह उनके लिए संभव नहीं होगा।उन्होंने कहा कि बीजेपी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर चुनाव की तैयारी मजबूत कर ली है। उनके मुताबिक पार्टी मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार है और लगातार तीसरी बार भारी बहुमत के साथ सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है।










