समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच चल रही सीट शेयरिंग की बातचीत पर बड़ा बयान दिया है। अखिलेश यादव ने कहा कि गठबंधन का पहला मकसद चुनाव जीतना है और दोनों दल इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए सीटों पर आपसी सहमति बनाने की कोशिश कर रहे हैं।मंगलवार को लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि दोनों पार्टियों के वरिष्ठ नेताओं को सीट बंटवारे पर बातचीत की जिम्मेदारी दी गई है और वे अपना काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किन सीटों पर किस दल की स्थिति मजबूत है, कौन कितनी सीट जीत सकता है और दोनों दलों के बीच किस तरह का एडजस्टमेंट हो सकता है, इन सभी पहलुओं पर चर्चा चल रही है। ऐसे में अभी यह कहना मुश्किल है कि किस पार्टी को कितनी सीटें मिलेंगी।अखिलेश यादव ने कहा कि अलायंस इसलिए होते हैं कि चुनाव जीता जा सके। दोनों पार्टियों को एक-दूसरे को एडजस्ट और अकोमोडेट करते हुए ऐसा फॉर्मूला तैयार करना होगा, जिससे बीजेपी को चुनाव में हराया जा सके। उन्होंने कहा कि यही राजनीतिक दलों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी की ओर से मिलने वाली राजनीतिक चुनौती को देखते हुए सपा को सावधानी से तैयारी करनी होगी और सही फैसले लेने होंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी एडजस्टमेंट और समझौते करने के लिए तैयार है, क्योंकि आगे की लड़ाई बड़ी है। उन्होंने कहा कि गठबंधन का मकसद जीतना है और जीत हासिल करना जरूरी है, खासकर बीजेपी जैसी राजनीतिक मशीन के खिलाफ।अखिलेश यादव का यह बयान उस समय आया है जब सपा और कांग्रेस के बीच उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों के लिए सीट शेयरिंग फॉर्मूले को लेकर मंगलवार को नई दिल्ली में एक और दौर की बातचीत हुई। बैठक से पहले सपा के महासचिव राम गोपाल यादव ने बताया था कि उनकी पार्टी ने कांग्रेस को 26 सीटें देने का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने कहा कि यह प्रस्ताव 2022 के विधानसभा चुनाव में दोनों दलों के प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। राम गोपाल यादव के मुताबिक, सपा ने कांग्रेस को 2022 में जीती गई दो सीटों के अलावा चार ऐसी सीटों का प्रस्ताव दिया है, जहां कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही थी। इसके अलावा 20 अन्य सीटें भी प्रस्ताव में शामिल हैं, जहां सपा को 60,000 से 70,000 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस को करीब 2,000 वोट मिले थे।
सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को सपा के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में 130 सीटों की सूची रखी थी। कांग्रेस ने इन सीटों को आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी पसंदीदा सीटों के तौर पर बताया था। इसके बाद सपा नेतृत्व ने कांग्रेस की सूची पर विचार करने और आगे बातचीत जारी रखने पर सहमति जताई। सोमवार को हुई पहले दौर की बातचीत में दोनों दलों के बीच विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ने पर सहमति बनी थी। दोनों पक्षों की ओर से यह संकेत भी दिया गया था कि अगले दो से चार दिनों में सीट शेयरिंग का अंतिम फॉर्मूला तय किया जा सकता है। हालांकि, अभी तक दोनों पार्टियों के बीच सीटों के अंतिम बंटवारे की घोषणा नहीं हुई है।










