पूर्वांचल राज्य | काजल तिवारी
कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र स्थित अकारू गांव मंगलवार सुबह उस वक्त दहशत में डूब गया, जब प्रेम प्रसंग में एक युवक ने नाबालिग किशोरी की हत्या कर खुद भी फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद गांव में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी 25 वर्षीय युवक का पड़ोस में रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी से पिछले कई महीनों से प्रेम संबंध था। दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे। युवक आगरा में रहकर पेंटिंग का काम करता था और दो दिन पहले ही गांव लौटा था।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले किशोरी की मां ने युवक द्वारा दिया गया मोबाइल फोन तोड़ दिया था। इसके बाद दोनों की बातचीत बंद हो गई। युवक को शक था कि किशोरी उससे दूरी बना रही है। इसी बात को लेकर मंगलवार सुबह वह किशोरी के घर पहुंचा और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
गुस्से में युवक ने घर में रखा सब्जी काटने वाला चाकू उठाकर किशोरी का गला रेत दिया। वारदात के बाद उसने शव को चादर में लपेटकर तख्त पर रख दिया और वहां से अपने घर चला गया। इसके बाद उसने कमरे में गैस सिलेंडर पर चढ़कर फंदा लगा लिया।
घटना के समय किशोरी की मां घर से बाहर गई हुई थी। लौटने पर बेटी को चादर ओढ़े देख पहले लगा कि वह सो रही है, लेकिन चादर हटाते ही खून से लथपथ शव देखकर उनके होश उड़ गए। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग और आपसी विवाद से जुड़ा माना जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, युवक पहले भी किशोरी के घर के आसपास घूमता देखा गया था और कई बार उसे समझाया भी गया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।









