Home / Uncategorized / पिपरी थाना में एडिशनल एसपी की समीक्षा बैठक

पिपरी थाना में एडिशनल एसपी की समीक्षा बैठक

पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपू तिवारी

सोनभद्र एडिशनल एसपीअनिल कुमार ने पिपरी थाना में विवेचकों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की, जिसमें लंबित विवेचनाओं, निरोधात्मक कार्रवाई एवं बीट पुलिसिंग की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान एडिशनल एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मामलों की विवेचना निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से की जाए, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके और अपराध नियंत्रण की प्रक्रिया अधिक प्रभावी बन सके। उन्होंने कहा कि विवेचकों को अपने कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए तथा हर प्रकरण को गंभीरता से निपटाना चाहिए।

बैठक में महिला अपराध, पॉक्सो एक्ट, साइबर अपराध एवं अन्य संवेदनशील मामलों पर विशेष चर्चा की गई। उन्होंने ऐसे मामलों में तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही पीड़ितों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर दिया गया।

इसके अतिरिक्त एडिशनल एसपी ने थाना परिसर का निरीक्षण करते हुए अभिलेखों, सीसीटीएनएस कार्य, अपराध रजिस्टर, मालखाना एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने तथा कार्यालयीय कार्यों में पारदर्शिता, अनुशासन और जिम्मेदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए उन्होंने कहा कि थाना आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए और उस पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य जनता में सुरक्षा और विश्वास की भावना को मजबूत करना है।

बैठक के अंत में हर्ष पाण्डेय सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा अपराध नियंत्रण के लिए समन्वित रूप से कार्य करने का संकल्प दोहराया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *