Home / Uncategorized / चंदौली जिले के धानापुर कस्बे में शुक्रवार शाम अखिल भारतीय किसान महासभा और कम्युनिस्ट पार्टी (माले) के तत्वावधान में चकबंदी प्रक्रिया के विरोध में जुलूस

चंदौली जिले के धानापुर कस्बे में शुक्रवार शाम अखिल भारतीय किसान महासभा और कम्युनिस्ट पार्टी (माले) के तत्वावधान में चकबंदी प्रक्रिया के विरोध में जुलूस

चंदौली जिले के धानापुर कस्बे में शुक्रवार शाम अखिल भारतीय किसान महासभा और कम्युनिस्ट पार्टी (माले) के तत्वावधान में चकबंदी प्रक्रिया के विरोध में जुलूस निकाला गया। यह जुलूस नरौली मोड़ से शुरू होकर थाना चौराहा, बौरहवा बाबा, बस स्टैंड और हीरो मार्केट समेत पूरे धानापुर कस्बे में भ्रमण किया। प्रदर्शनकारियों ने ‘भू-माफिया चकबंदी गठजोड़ मुर्दाबाद’, ‘चकबंदी अधिकारी मुर्दाबाद’ और ‘खेत किसान जिंदाबाद’ जैसे नारे लगाए।

ग्रामीणों ने चकबंदी विभाग पर जमीनों की बंदरबांट करने का आरोप लगाया है। यह विरोध प्रदर्शन कम्युनिस्ट पार्टी (माले) और अखिल भारतीय किसान महासभा द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया गया था।

प्रदर्शनकारियों ने गंगा के तटवर्ती इलाकों में गंगा कटान से प्रभावित गांवों का नाव से दौरा भी किया। ग्रामीणों में गंगा कटान को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है। धानापुर विकासखंड क्षेत्र के नौघरा, बूढ़पुर, प्रसहता, दियाँ, सहेपुर, गुरैनी, कवलपुरा, सोनहुली, महुजी और जिगना सहित कई गांव गंगा कटान की चपेट में हैं। लगभग हजारों बीघा से अधिक किसानों की खेत गंगा कटान में समाहित हो चुके हैं।

कम्युनिस्ट पार्टी (माले) के जिला सचिव अनिल पासवान ने कहा कि धानापुर विकासखंड क्षेत्र के कई गांव गंगा कटान से प्रभावित हैं, लेकिन अधिकारी और सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि धानापुर और गुरैनी ग्राम सभाओं में चकबंदी विभाग द्वारा गरीबों की जमीनों के कागजात में बड़े पैमाने पर फेरबदल किया जा रहा है और उनकी जमीनों की बंदरबांट की जा रही है।

अनिल पासवान ने चेतावनी दी कि इस स्थिति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि आगामी 25 मई को जिला मुख्यालय पर एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा और जिलाधिकारी का घेराव भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस आंदोलन को लोगों का व्यापक समर्थन मिल रहा है, और यदि समय रहते इसकी जांच नहीं हुई तो एक बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि आज से इस आंदोलन की शुरुआत की गई है।

इस अवसर पर जिला सचिव अनिल पासवान के साथ रामप्यारे सैनी, रमेश राय, श्याम देई, रेखा, अंजना और रुदल राम सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *