Home / Uncategorized / धानापुर क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती और अन्य विद्युत समस्याओं के विरोध में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया

धानापुर क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती और अन्य विद्युत समस्याओं के विरोध में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया

चंदौली जिले के धानापुर क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती और अन्य विद्युत समस्याओं के विरोध में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। समाजसेवी सुनील पाण्डेय के नेतृत्व में यह धरना पावर हाउस पर दिया जा रहा है। प्रदर्शनकारी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर विरोध जता रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांगों में बिजली कटौती, बार-बार ट्रिपिंग, फाल्ट का तत्काल समाधान, रात में लाइनमैन की तैनाती और ओवरलोडिंग की समस्या से मुक्ति शामिल है। ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी में अनियमित बिजली आपूर्ति से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
समाजसेवी सुनील पाण्डेय ने बताया कि कई दिनों से जारी विद्युत कटौती के कारण लोगों में भारी रोष है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
जिला मंत्री आशीष तिवारी खजानू ने बताया कि इन समस्याओं के बारे में अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन उनकी ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस उदासीन रवैये से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। प्रदर्शन के दौरान “बिजली विभाग होश में आओ”, “बिजली विभाग मुर्दाबाद” और “हमारी मांगे पूरी करो” जैसे नारे लगाए गए।
इस संबंध में एसडीओ सुधीर कुमार ने बताया कि गर्मी के कारण कुछ तकनीकी समस्याएं उत्पन्न हुई हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि ओवरलोडिंग और ट्रिपिंग की समस्या के समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही लोगों को बिजली की समस्या से निजात मिल जाएगी।
इस मौके पर अमित सिंह, सैफ अली, जिला मंत्री आशीष तिवारी खजानू, सुनील पांडे, सुशील मिश्रा, रंजन सेठ, राजेश बिंद, आकाश कुमार, प्यारेलाल, मनोज मिश्रा, नंदू यादव, बिट्टू मिश्रा, सत्यम रस्तोगी सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *