Home / Uncategorized / अब थानों पर मिलेगा ठंडा पानी: महराजगंज पुलिस की ‘जनता प्याऊ’ पहल बनी राहत की मिसाल

अब थानों पर मिलेगा ठंडा पानी: महराजगंज पुलिस की ‘जनता प्याऊ’ पहल बनी राहत की मिसाल

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली) पल्टू मिश्रा
भीषण गर्मी में आमजन के लिए आगे आई महराजगंज पुलिस, सभी थानों और चौकियों पर शुरू हुआ ‘जनता प्याऊ’

महराजगंज। चिलचिलाती धूप और लगातार बढ़ते तापमान के बीच आमजन को राहत देने के लिए महराजगंज पुलिस ने एक सराहनीय और मानवीय पहल की शुरुआत की है। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जनपद के सभी थानों और चौकियों पर ‘जनता प्याऊ’ की व्यवस्था शुरू कर दी गई है, जिससे अब आम नागरिकों, राहगीरों, रिक्शा चालकों और मजदूरों को शुद्ध व ठंडा पानी आसानी से उपलब्ध हो सकेगा।
रविवार को जनपद के समस्त थानों में इस व्यवस्था को लागू करते हुए मुख्य द्वारों और फरियादी कक्षों के पास घड़े, मटके एवं वॉटर कूलर स्थापित किए गए। पुलिस विभाग द्वारा यह सुनिश्चित किया गया है कि प्याऊ स्थलों पर साफ-सफाई, स्वच्छ गिलास और ढके हुए बर्तनों की समुचित व्यवस्था बनी रहे, ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि वर्तमान समय में गर्मी का प्रकोप काफी बढ़ चुका है। ऐसे में थानों पर आने वाले फरियादियों और सड़क से गुजरने वाले आम नागरिकों को पानी के लिए परेशान न होना पड़े, इसी उद्देश्य से यह व्यवस्था शुरू की गई है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्जों को निर्देशित किया है कि पुलिसिंग के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाए।
महराजगंज पुलिस की यह पहल न केवल लोगों को भीषण गर्मी से राहत देगी, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग की भावना को भी मजबूत करेगी। जनपदवासियों ने इस मानवीय कदम की सराहना करते हुए इसे गर्मी के मौसम में राहत भरी पहल बताया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *