Home / Uncategorized / रेणुकूट-वाराणसी मार्ग पर फिर हादसा: खड़े ट्रेलर से टकराया बालू लदा ट्रक, लगा लंबा जाम

रेणुकूट-वाराणसी मार्ग पर फिर हादसा: खड़े ट्रेलर से टकराया बालू लदा ट्रक, लगा लंबा जाम

दीपू तिवारी
पूर्वांचल राज्य संवाददाता, सोनभद्र

रेणुकूट/हाथीनाला (सोनभद्र)। रेणुकूट-वाराणसी मुख्य मार्ग पर हाथीनाला थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक और सड़क दुर्घटना हो गई। हथवानी मोड़ के समीप सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से बालू लदा ट्रक टकरा गया, जिससे मार्ग पर लंबा जाम लग गया और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। उल्लेखनीय है कि इसी स्थान पर शनिवार सुबह भी एक बड़ा सड़क हादसा हुआ था।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 10 बजे बालू से लदा एक ट्रक हथवानी मोड़ के पास सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा भिड़ा। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा और मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

सुबह हुए हादसे के बाद सड़क किनारे खड़ा था ट्रेलर

बताया गया कि शनिवार सुबह इसी स्थान पर कोयला लदे ट्रेलर और डीजल टैंकर के बीच टक्कर हुई थी। इस दुर्घटना में टैंकर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।

हादसे के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त डीजल टैंकर को तो हटवा दिया था, लेकिन कोयला लदा ट्रेलर सड़क किनारे ही खड़ा रहा। रात में बालू लदा ट्रक उसी ट्रेलर से टकरा गया, जिससे दूसरी दुर्घटना हो गई।

जाम हटाने के लिए भारी वाहनों का रूट डायवर्ट

घटना की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस, पिपरी थाना पुलिस और रेणुकूट पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल यातायात व्यवस्था संभालने का प्रयास शुरू किया।

जाम की गंभीर स्थिति को देखते हुए मुर्धवा मोड़ से भारी वाहनों को दुद्धी मार्ग की ओर डायवर्ट किया गया, ताकि मुख्य मार्ग पर दबाव कम किया जा सके और फंसे वाहनों को निकाला जा सके।

दो घंटे की मशक्कत के बाद बहाल हुआ यातायात

प्रशासन ने देर रात क्रेन मंगवाकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने का अभियान चलाया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के संयुक्त प्रयासों के बाद करीब रात 12 बजे मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका।

लगातार हुई दो दुर्घटनाओं के कारण पूरे दिन और देर रात तक रेणुकूट-वाराणसी मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को समय रहते हटाने की प्रभावी व्यवस्था की जाए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके और सड़क पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *