उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर में बनी मस्जिद को प्रशासन द्वारा गिराए जाने के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। प्रशासन ने मस्जिद को अवैध बताते हुए कार्रवाई की है। कार्रवाई के दौरान इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और जिले में हाई अलर्ट घोषित किया गया। इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर सवाल उठाए हैं।पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी समाज में सौहार्द बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि शासन की उपलब्धि भी इसी बात से तय होती है कि समाज में शांति और भाईचारा कितना कायम है।कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने मस्जिद पर हुई कार्रवाई को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि मस्जिद काफी पुरानी है और इसे लेकर कानूनी प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई थी। मसूद ने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान इलाके को घेर लिया गया और लोगों को घरों से बाहर निकलने से रोका गया।उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई संविधान की भावना के खिलाफ है और इसे सहारनपुर के लोगों के लिए ‘काला दिन’ बताया।इमरान मसूद ने दावा किया कि मस्जिद की जमीन का मालिकाना हक अभी भी वाहिद खान और याकूब खान के नाम दर्ज है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाई कोर्ट में मामले की सुनवाई के दौरान कुछ महत्वपूर्ण पक्षों को शामिल नहीं किया गया। मसूद के मुताबिक, वक्फ बोर्ड को मामले में पक्षकार नहीं बनाया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रशासन ने इलाके को चारों तरफ से घेरकर कार्रवाई की। हालांकि, इन आरोपों पर प्रशासन की ओर से विस्तृत प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।प्रशासन के मुताबिक, कलेक्ट्रेट परिसर में बनी इस मस्जिद को सिटी मजिस्ट्रेट की अदालत ने पिछले महीने अवैध घोषित किया था। इसके बाद इसे हटाने का आदेश जारी किया गया। इसी आदेश के तहत SDM, सिटी मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की मौजूदगी में मस्जिद को ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई।प्रशासन ने कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया है। संवेदनशील स्थानों पर PAC और RRF के जवानों को लगाया गया है। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए दमकल की गाड़ियों को भी अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया है।मस्जिद पर कार्रवाई के बाद प्रशासन किसी भी तरह के तनाव या भीड़ की स्थिति को लेकर सतर्क है। जिले में हाई अलर्ट घोषित किया गया है और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
सहारनपुर में मस्जिद पर कार्रवाई के बाद सियासी घमासान, अखिलेश-इमरान मसूद ने सरकार को घेरा










