पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी
सोनभद्र। पिपरी नगर पंचायत के सफाई कर्मियों को सम्मानजनक पहचान देने की दिशा में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने महत्वपूर्ण पहल की है। अब नगर पंचायत के सफाई कर्मियों को ‘स्वच्छता मित्र’ के सम्मानजनक संबोधन से पुकारा जाएगा। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी ने पिपरी नगर पंचायत के सफाई कर्मियों के लिए निर्धारित ड्रेस कोड का शुभारंभ किया। इस दौरान पिपरी नगर पंचायत अध्यक्ष दिग्विजय प्रताप सिंह समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि सफाई कर्मी स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे प्रतिदिन अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए नगर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान देते हैं। उनके कार्य से आमजन को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में सहायता मिलती है। ऐसे में उनके कार्य को सम्मान और गरिमा के साथ पहचान दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों को अब तक अलग-अलग नामों से संबोधित किया जाता रहा है। इस व्यवस्था में बदलाव करते हुए उन्हें ‘स्वच्छता मित्र’ के रूप में सम्मानजनक और सकारात्मक पहचान देने की पहल की गई है। यह केवल संबोधन में बदलाव नहीं, बल्कि सफाई कर्मियों के प्रति सम्मान और सामाजिक गरिमा की भावना को मजबूत करने का प्रयास है जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सफाई कर्मियों को सम्मानजनक संबोधन देने के साथ ही उनकी कार्य-भूमिका के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं, सहयोग और बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।









