Home / Uncategorized / चंदौली जिले के धानापुर इलाके में शाम होते ही अघोषित बिजली कटौती शुरू

चंदौली जिले के धानापुर इलाके में शाम होते ही अघोषित बिजली कटौती शुरू

चंदौली जिले के धानापुर इलाके में शाम होते ही अघोषित बिजली कटौती शुरू हो जाती है। इससे ग्रामीण बहुत परेशान हैं। बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है, जिससे लोगों में बिजली विभाग और सरकार के खिलाफ नाराजगी बढ़ रही है।

कई दिनों से यह सिलसिला जारी है। पूरी रात उमस भरी गर्मी में लोगों की नींद खराब हो रही है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों की पढ़ाई भी रुक गई है। रातभर बिजली नहीं आती और सुबह 4 बजे के आसपास सप्लाई दी जाती है।

धानापुर 33/11 बिजली उपकेंद्र से हिंगुतर फीडर, धानापुर देहात, अटौली, ब्लॉक नहर, डबरिया पावर हाउस, धानापुर टाउन, कमालपुर, चहनिया और रमौली फीडर जुड़े हैं। ये सभी धानापुर 1 लाख 32 हजार से कनेक्टेड हैं। ऊपर से ही बिजली कटौती होने के कारण इन पावर हाउस को इनकमिंग सप्लाई नहीं मिल पा रही है।

क्षेत्रीय लोगों की नाराजगी लगातार बढ़ रही है। सरकार एक तरफ ग्रामीण इलाकों में 18 घंटे और शहरी इलाकों में 24 घंटे बिजली सप्लाई के वादे करती है, वहीं दूसरी ओर लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीण परेशान हैं।

लक्ष्मण मौर्य, शिवेंद्र सिंह, राजन खान, इमरान, सोनू प्रजापति, मीनाथ चमार, गोपाल राम, नवनीत सिंह, सनी सिंह, मोहित रस्तोगी, धनंजय रस्तोगी, संतोष गुप्ता, विकास मौर्य, रामविलास मौर्य, बसंत मौर्य और बृजेश मौर्य सहित कई अन्य ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और बिजली विभाग के बड़े अधिकारियों का ध्यान इस ओर खींचा है। उन्होंने जल्द ही सही ढंग से बिजली सप्लाई बहाल करने की मांग की है।

बसपा नेता स्वतंत्र प्रकाश दुबे ने कहा कि सरकार किसानों और ग्रामीणों को अच्छी बिजली व्यवस्था देने के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन ये सभी दावे फेल हो रहे हैं। लोगों को सही ढंग से बिजली नहीं मिल पा रही है और उनमें नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर स्थिति नहीं सुधरी तो दो दिन बाद 33/11 पावर हाउस पर एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

इस संबंध में एसडीओ सुधीर कुमार ने बताया कि कुछ तकनीकी खराबी के कारण यह परेशानी हो रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही समस्या का समाधान किया जा रहा है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *