के. कैलाशनाथन ने पीआईबी वाराणसी के पत्रकारों से साझा किया विकास का विजन; एयरपोर्ट, रेल और सड़क नेटवर्क के विस्तार पर विशेष जोर
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो पुडुचेरी।
देश के प्रमुख मेडिकल, पर्यटन और शिक्षा केंद्र के रूप में पुडुचेरी को स्थापित करने की दिशा में प्रशासन तेजी से कदम बढ़ा रहा है। यह बात पुडुचेरी के उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन ने पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), वाराणसी द्वारा आयोजित मीडिया टूर के तहत पहुंचे पत्रकारों के दल से लोक निवास में हुई विशेष वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि मजबूत बुनियादी ढांचे और योजनाबद्ध विकास के माध्यम से पुडुचेरी को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
विकास का नया विजन, युवाओं के लिए नए अवसर
उपराज्यपाल ने कहा कि पुडुचेरी की भौगोलिक स्थिति, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन संभावनाएं इसे देश के सबसे आकर्षक क्षेत्रों में शामिल करती हैं। प्रशासन की प्राथमिकता इसे मेडिकल हब, टूरिज्म हब और एजुकेशन हब के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में निवेश और सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के व्यापक अवसर पैदा होंगे।
रेल, सड़क और एयर कनेक्टिविटी पर फोकस
कैलाशनाथन ने बताया कि पुडुचेरी में आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। प्रदेश को बेहतर रेल संपर्क से जोड़ने, आधुनिक सुविधाओं से युक्त एयरपोर्ट विकसित करने तथा सड़क नेटवर्क को और सुदृढ़ बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी पर्यटन, व्यापार और निवेश को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकास की नई गति
पत्रकारों से बातचीत के दौरान उपराज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि बीते वर्षों में आधारभूत संरचना, जनकल्याण और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि विकासोन्मुख नीतियों का लाभ देश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे भारत की वैश्विक पहचान और सशक्त हुई है।
विकासात्मक पत्रकारिता पर सार्थक संवाद
बैठक के दौरान पत्रकारों ने पुडुचेरी में संचालित विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रशासनिक पहलों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उपराज्यपाल और पत्रकारों के बीच विकासात्मक पत्रकारिता की भूमिका, सुशासन तथा जनभागीदारी जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। पत्रकारों ने पुडुचेरी में हो रहे विकास कार्यों को करीब से देखने और समझने के अवसर को महत्वपूर्ण बताया।
पीआईबी के मीडिया टूर से मिली जमीनी समझ
मीडिया टूर के दौरान पत्रकारों को विभिन्न विकास परियोजनाओं, सांस्कृतिक धरोहरों और सार्वजनिक सुविधाओं का अवलोकन कराया गया। इस पहल का उद्देश्य केंद्र सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जमीनी स्थिति को समझना तथा देश के विभिन्न क्षेत्रों के बीच संवाद और अनुभवों का आदान-प्रदान बढ़ाना है।










