पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली) पल्टू मिश्रा
महराजगंज में पुलिस का सघन अभियान, नियम तोड़ने वालों में मचा हड़कंप; अभिभावकों और वाहन स्वामियों को कड़ी चेतावनी
महराजगंज, सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए महराजगंज पुलिस ने सोमवार को नाबालिग ई-रिक्शा चालकों और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। पुलिस की सघन चेकिंग के दौरान 91 ई-रिक्शा सीज किए गए, जबकि 215 ई-रिक्शा का चालान किया गया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान नाबालिगों द्वारा संचालित ई-रिक्शा, बिना वैध कागजात चल रहे वाहनों तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, क्षमता से अधिक सवारी बैठाने और अवैध पार्किंग समेत विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन में 215 ई-रिक्शा के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। वहीं नाबालिगों द्वारा चलाए जा रहे तथा बिना वैध कागजात संचालित 91 ई-रिक्शा को सीज कर दिया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने नाबालिग चालकों के परिजनों और ई-रिक्शा स्वामियों को भी सख्त चेतावनी दी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नाबालिगों को वाहन सौंपने पर वाहन स्वामी और अभिभावक दोनों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
महराजगंज पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।









