राम प्रवेश सिंह सम्मान समारोह में भाजपा नेत्री डॉ. सुषमा शेखर का हुआ नागरिक अभिनंदन
राजीव शंकर चतुर्वेदी
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। जनपद के बनरही स्थित राम प्रवेश इंटर कालेज में आयोजित रामप्रवेश सिंह सम्मान समारोह में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चंद्रशेखर की पुत्रवधू, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर की धर्मपत्नी और भाजपा की वरिष्ठ नेत्री डॉ. सुषमा शेखर को उनके विशिष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान आयोजकों एवं अतिथियों ने उन्हें युवा कार्यक्रमों और खेलकूद में उल्लेखनीय योगदान के लिए विशेष स्मृति चिन्ह और सम्मान पत्र देकर अलंकृत किया। सम्मान स्वीकार करते हुए डॉ. सुषमा शेखर ने आयोजकों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि युवाओं को सही दिशा देना और उन्हें खेलकूद व रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना समय की मुख्य आवश्यकता है। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास भी करते हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के विचारों का स्मरण करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही देश के उज्ज्वल भविष्य का आधार है। उन्होंने बलिया के युवाओं को खेल व समाज सेवा के क्षेत्र में अधिक से अधिक अवसर दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक सामाजिक कार्यकर्ता, खेल प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित जनसमूह ने डॉ. सुषमा शेखर के सम्मान पर खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर ओलंपिक संघ के अध्यक्ष ई. अरुण सिंह, ओलंपिक संघ के चेयरमैन नीरज सिंह गुड्डू, एथलेटिक्स सचिव मिथिलेश श्रीवास्तव, कबड्डी सचिव पंकज सिंह, उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल कोषाध्यक्ष अरविंद शुक्ल, मिनी फुटबॉल सचिव अजीत सिंह, खो-खो सचिव विरेश दुबे, आर्म रेसलिंग सचिव चन्द्रकांत राय, रेफरी दुर्गेश चौहान, रेफरी राहुल यादव, चन्द्र शेखर मैराथन सचिव उपेन्द्र सिंह, मानवेन्द्र सिंह, विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा तथा कार्यक्रम संयोजक एवं राम प्रवेश इण्टर कालेज बनरही के प्रधानाचार्य अजय सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे।










