पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी
रेणुकूट (सोनभद्र)। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के मनोरंजनालय हाल में एचआर हेड श्री अजय कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत श्रमिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 100 से अधिक श्रमिकों के स्वास्थ्य की जांच की गई। जांच के बाद आवश्यकता के अनुसार श्रमिकों को निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। चिकित्सकों ने दवाइयों के सेवन, स्वास्थ्य देखभाल और आवश्यक सावधानियों के संबंध में भी श्रमिकों को जानकारी दी।कार्यक्रम का शुभारंभ सहायक श्रमायुक्त, पिपरी श्री विजय प्रताप यादव ने किया। उन्होंने श्रमिकों को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के उद्देश्य तथा श्रमिक हित में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने स्वास्थ्य शिविर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रमिकों से अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने का आह्वान किया। इस अवसर पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी, पिपरी श्री मनोज शर्मा तथा कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) के चिकित्सा अधिकारी श्री ऋषि मुनि तिवारी सहित चिकित्सक एवं चिकित्सा टीम मौजूद रही। श्री ऋषि मुनि तिवारी ने श्रमिकों को कर्मचारी राज्य बीमा निगम के अंतर्गत उपलब्ध विभिन्न स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने पात्र श्रमिकों से ईएसआईसी की सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया। शिविर में हिंडाल्को के मान्यता प्राप्त श्रम संगठनों के पदाधिकारियों ने भी सहभागिता की। हिंडाल्को की ओर से समय वेतन कार्यालय प्रमुख श्री सुधींद्र सिकरवार एवं उनकी टीम, एचआर विभाग से श्री दीपक सिंह तथा संविदा सेल के कर्मचारियों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग किया। स्वास्थ्य शिविर के दौरान श्रमिकों की चिकित्सकीय जांच के साथ उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों को स्वास्थ्य सेवाओं एवं कर्मचारी राज्य बीमा निगम की सुविधाओं के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें समय-समय पर स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित करना रहा।










