पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी
शक्तिनगर (सोनभद्र)। नशामुक्त समाज की दिशा में शक्तिनगर पुलिस ने जागरूकता अभियान को गति देते हुए रविवार को ग्राम सभा तारापुर में ग्रामीणों के बीच पहुंचकर नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया। मिशन शक्ति टीम ने महिला एवं पुरुष ग्रामीणों के साथ बैठक कर नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य, सामाजिक एवं पारिवारिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी और नशे से दूर रहने की अपील की। शक्तिनगर थाना प्रभारी सत्येन्द्र राय ने कहा कि मिशन शक्ति एवं नशा उन्मूलन अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशे की लत का असर केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रहता, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति, बच्चों के भविष्य और सामाजिक वातावरण पर भी पड़ता है। ऐसे में नशे के खिलाफ सामूहिक जागरूकता और सामाजिक सहयोग जरूरी है।मिशन शक्ति टीम ने विशेष रूप से युवाओं और किशोरों को नशे से दूर रखने पर जोर दिया। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अपने परिवार के साथ-साथ आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें और नशे की आदत से प्रभावित लोगों को इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करें। बैठक के दौरान टीम ने ग्रामीणों से कहा कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी अथवा अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर स्वयं कानून हाथ में न लें, बल्कि तत्काल पुलिस अथवा संबंधित विभाग को सूचना दें। ग्रामीणों को यह भी बताया गया कि आवश्यकतानुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जा सकती है।पुलिस टीम ने नशे से संबंधित गतिविधियों की सूचना पुलिस तक पहुंचाने के लिए आवश्यक संपर्क मोबाइल नंबरों की जानकारी भी ग्रामीणों को दी और नंबर वितरित किए। टीम ने कहा कि नशा उन्मूलन केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ग्रामीण अपने गांव और आसपास के क्षेत्र में लोगों को जागरूक कर अभियान को प्रभावी बनाने में सहयोग करें।बैठक में महिला एवं पुरुष ग्रामीणों ने सहभागिता करते हुए नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने में सहयोग का भरोसा दिलाया। मिशन शक्ति टीम ने ग्रामीणों से अभियान को सफल बनाने के लिए निरंतर सहयोग करने की अपील की।










