Home / Uncategorized / डीएम ज्ञानेन्द्र सिंह की अपील, स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर जांच कराएं श्रमिक

डीएम ज्ञानेन्द्र सिंह की अपील, स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर जांच कराएं श्रमिक

07 अक्टूबर को माधोपुर में लगेगा श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर
राजीव शंकर चतुर्वेदी
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। सेवा संकल्प अभियान के अवसर पर जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने जनपद के श्रमिकों एवं निर्माण श्रमिकों से अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और स्वास्थ्य परीक्षण अवश्य कराने की अपील की है। जनपद स्तरीय गठित समिति की ओर से औद्योगिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रमिकों एवं निर्माण श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण और चिकित्सीय परामर्श के लिए “श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर” का आयोजन किया जा रहा है। यह स्वास्थ्य शिविर 7 अक्टूबर को प्रातः 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक श्री बालेश्वर जी ट्रेडिंग कम्पनी, ए-8 इंडस्ट्रियल स्टेट, माधोपुर, रसड़ा में आयोजित होगा। जिलाधिकारी ने कहा कि शिविर में श्रमिकों के स्वास्थ्य की जांच के साथ चिकित्सकों द्वारा आवश्यक चिकित्सीय परामर्श भी दिया जाएगा। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान विभिन्न रोगों के संबंध में जानकारी प्रदान करने के साथ जरूरत के अनुसार दवा भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिक भी इस स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण करा सकते हैं। जिलाधिकारी ने सभी पात्र श्रमिकों से अपील की कि वे समय से शिविर में पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराएं और इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह और समय पर स्वास्थ्य जांच से विभिन्न बीमारियों की पहचान शुरुआती स्तर पर की जा सकती है। ऐसे में श्रमिकों से अपील की गई है कि वे स्वयं के साथ अपने परिवार के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शिविर में अवश्य भाग लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *