पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली) पल्टू मिश्रा
महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल मार्ग पर बुधवार सुबह तेज हवा के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। महाराजा रेस्टोरेंट के सामने सड़क के बीच लगा प्रचार बोर्ड अचानक बाइक सवार मां-बेटे पर जा गिरा। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी 56 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। परतावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान सुभावती के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपने बेटे दुर्विजय के साथ गोरखपुर मेडिकल कॉलेज से इलाज कराकर अपने घर लक्ष्मीपुर जरलहिया लौट रही थीं। इसी दौरान श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में तेज हवा के कारण सड़क के बीच लगा रेस्टोरेंट का भारी प्रचार बोर्ड अचानक बाइक पर गिर पड़ा। बोर्ड की चपेट में आने से सुभावती गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनके बेटे दुर्विजय को कोई चोट नहीं आई।
हादसे की सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
थानाध्यक्ष महेन्द्र मिश्रा ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शिकायत मिलने पर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
तेज हवा बनी काल! बाइक सवार मां-बेटे पर गिरा रेस्टोरेंट का बोर्ड, मां की मौत










