* नवीन मंडी से निकली सेवा ज्योति यात्रा, सक्सेना तिराहे पर स्थापित किए गए सेवा ज्योति कलश*
*
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सरकार के मुखिया के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी के सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला मुख्यालय पर भव्य आयोजन किया गया। बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित नवीन मंडी परिसर से विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा का गरिमामयी शुभारंभ हुआ। भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पांडेय उर्फ संजय पांडेय के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का लाइव मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। दोनों शीर्ष नेताओं के संबोधन के उपरांत जिला प्रभारी नरेंद्र मणि त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव यूनियन के चेयरमैन व पूर्व विधायक चौधरी शिवेंद्र सिंह तथा पूर्व जिलाध्यक्ष समीर त्रिपाठी के संयुक्त नेतृत्व में सेवा ज्योति यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
देशभक्ति के नारों से गूंजा पूरा नगर, कलशों की हुई स्थापना
यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। पूरा नगर “नरेंद्र मोदी-योगी आदित्यनाथ जिंदाबाद”, “वंदे मातरम्”, “भारत माता की जय” और “नितिन नवीन-पंकज चौधरी जिंदाबाद” के गगनभेदी नारों से गुंजायमान हो उठा। सेवा ज्योति यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए शहर के मुख्य सक्सेना तिराहे पर पहुंची, जहां जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों से पूरी श्रद्धा के साथ लाए गए ‘सेवा ज्योति कलश’ विधि-विधान से स्थापित किए गए। इस दौरान उपस्थित वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कलश पर पुष्प अर्पित किए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की सामूहिक रूप से कामना की।
पीएम मोदी का नेतृत्व राष्ट्रहित को समर्पित: भाजपा नेतृत्व
विकसित भारत संकल्प सभा को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी नरेंद्र मणि त्रिपाठी ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का सरकार के मुखिया के रूप में लगातार 25 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण करना संपूर्ण देश के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक के अपने सफर में हमेशा सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। आज उन्हीं के कुशल नेतृत्व में भारत ने वैश्विक पटल पर एक सशक्त और अटूट पहचान बनाई है।
सभा में पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने अपने विचार रखते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी का यह 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन देश के प्रत्येक नागरिक और कार्यकर्ता के लिए निस्वार्थ सेवा और समर्पण की एक अद्वितीय मिसाल है। वहीं सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने रेखांकित किया कि मोदी सरकार ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किए हैं।
कुशल मार्गदर्शन हमारे लिए सौभाग्य की बात: बजरंग बहादुर सिंह
क्षेत्र के पूर्व भाजपा विधायक बजरंग बहादुर सिंह ने प्रधानमंत्री जी के इन 25 वर्षों के गौरवशाली नेतृत्व को राष्ट्रसेवा और नव-भारत निर्माण की एक अद्भुत यात्रा बताया। उन्होंने भावुक और गरिमापूर्ण शब्दों में कहा— “आदरणीय प्रधानमंत्री जी हम सभी कार्यकर्ताओं और देशवासियों के लिए एक अत्यंत कुशल नेतृत्वकर्ता, मार्गदर्शक एवं मजबूती के एक सशक्त स्तंभ हैं। उनके दिखाए मार्ग और ऊर्जावान मार्गदर्शन में हम सभी को जमीनी स्तर पर कार्य करने का अवसर मिल रहा है, यह हम लोगों के लिए परम सौभाग्य की बात है।”
अंत में जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने प्रधानमंत्री जी के सार्वजनिक जीवन को राष्ट्रसेवा की निरंतर प्रेरणा देने वाला स्रोत बताया और कार्यक्रम को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, मंडल अध्यक्षों तथा देवतुल्य कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार प्रकट किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से रहे उपस्थित
इस विशाल और गरिमामयी आयोजन में प्रमुख प्रतिनिधि इंजी. विवेक गुप्ता, ओम प्रकाश जायसवाल, राम हरख गुप्ता, प्रमुख वेद शुक्ला, आनंद शंकर वर्मा, संतोष जायसवाल, गिरजेश जायसवाल, उमेश जायसवाल, राकेश जायसवाल, सतीश मधेशिया, अजय मधेशिया, नरेंद्र खरवार, विवेका पांडेय, अजय श्रीवास्तव, अरुण राय, राहुल सिंह, डॉ. फरीदा ईरम, प्रदीप उपाध्याय, शैलेश पांडेय, प्रभाकर द्विवेदी, मधुर सिंह, बबलू यादव, बैजनाथ पटेल, ठाकुर रौनियार, दिनेश जायसवाल, आकाश गुप्ता, संजीव शुक्ला, लाल चंद्र चौधरी, प्रेम प्रकाश सिंह उर्फ बबलू सिंह, राजेंद्र पटेल, वंदना तिवारी, प्रज्ञा मिश्रा, ऋतु गुप्ता, अर्चना देवी, आशा देवी सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए मंडल अध्यक्ष और हजारों समर्पित कार्यकर्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
25 साल का सार्वजनिक जीवन… सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की यात्रा: नरेंद्र मणि त्रिपाठी










