Home / Uncategorized / रेणुकूट: हिंडालको रामलीला की तैयारियाँ जोरों पर

रेणुकूट: हिंडालको रामलीला की तैयारियाँ जोरों पर

पूर्वांचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी

सोनभद्र रेणुकूट। हिंडाल्को रामलीला परिषद, रेणुकूट विगत 61 वर्षों से मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की लीलाओं का भव्य एवं सफल मंचन करती आ रही है। यह आयोजन हिंडाल्को परिवार का गौरव होने के साथ-साथ पूरे सोनभद्र जनपद में अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान रखता है। आयोजन की विशेषता यह है कि इसका संपूर्ण संचालन एवं अभिनय हिंडाल्को रेणुकूट परिवार के सदस्यों द्वारा किया जाता है, जो समर्पण, आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है।इस वर्ष 11 अक्टूबर 2026 से शुरू हो रहे रामलीला मंचन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। आदित्य पाण्डेय के मार्गदर्शन में कलाकारों को निखारने एवं मंच के लिए तैयार करने में राजेंद्र सिंह शेखावत, राजेश सिंह एवं विकास शाह महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके द्वारा कलाकारों के साथ लगातार अभ्यास कर संवाद अदायगी, अभिनय शैली, पात्रों की भाव-भंगिमा एवं मंचीय प्रस्तुति को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। श्री रामलीला परिषद के अध्यक्ष प्रमोद कुमार उपाध्याय ने बताया कि इस बार लगभग 400 कलाकार भगवान श्रीराम की लीलाओं का मंचन करेंगे। इनमें कंपनी में कार्यरत कर्मचारी, उनके परिवारजन के साथ-साथ स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएँ भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर रहे हैं। रामलीला मंचन को लेकर कलाकारों द्वारा प्रतिदिन शाम को रिहर्सल किया जा रहा है और सभी कलाकार पूरी लगन एवं उत्साह के साथ अभ्यास में जुटे हैं। इस बार रामलीला मंचन को और अधिक भव्य एवं प्रभावशाली बनाने के लिए मंच सज्जा, प्रकाश व्यवस्था, ध्वनि एवं पात्रों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। दर्शकों को रामायण के प्रमुख प्रसंगों का जीवंत, भावपूर्ण एवं आकर्षक मंचन देखने को मिलेगा। आयोजन का समापन 20 अक्टूबर 2026 को भव्य रावण दहन, राम दरबार की सुंदर झांकी एवं विशेष आतिशबाजी के साथ होगा। परिषद की ओर से बताया गया कि रामलीला को यादगार बनाने के लिए कलाकारों एवं आयोजन समिति द्वारा पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ तैयारियां की जा रही हैं।
श्री रामलीला परिषद, हिंडाल्को रेणुकूट की ओर से सभी श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से रामलीला मंचन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भगवान श्रीराम की लीलाओं का आनंद लेने तथा कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *