राजीव शंकर चतुर्वेदी
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद दुबे ने अपने मृदुभाषी स्वभाव और रचनात्मक कार्यों के बल पर जनपद में एक खास पहचान बनाई है। उनके पुनः बलिया लौटकर वरिष्ठ कोषाधिकारी का कार्यभार संभालने से पेंशनर्स, कर्मचारियों और शुभचिंतकों में जबरदस्त उत्साह और खुशी का माहौल है।
पवित्र नवरात्र के अवसर पर बलिया पहुंचे आनंद दुबे ने पदभार ग्रहण करने से पूर्व कोषागार परिसर स्थित नागेश्वर महादेव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने कार्यालय पहुंचकर वरिष्ठ कोषाधिकारी के रूप में अपना पदभार संभाला।
भव्य स्वागत और अभिनंदन
पदभार ग्रहण करने के बाद पेंशनर्स, कर्मचारियों और शुभचिंतकों ने उन्हें फूल-मालाओं, बुके और अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके पुनः बलिया आने पर प्रसन्नता व्यक्त की और उन्हें शुभकामनाएं दीं। साथ ही, जनपद के विकास और पेंशनर्स की समस्याओं के त्वरित समाधान में उनके साथ मिलकर काम करने का पूरा भरोसा जताया।
विकास और जनहित को प्राथमिकता
अपने संबोधन में आनंद दुबे ने जनपद के विकास के लिए पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ कार्य करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी और बलिया को विकास की राह पर आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
मंत्री दयाशंकर सिंह के प्रति जताया आभार
इस अवसर पर पेंशनर्स संघ ने उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के प्रति भी विशेष आभार व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा कि आनंद दुबे जैसे योग्य और जनपद के विकास के प्रति संवेदनशील अधिकारी की पुनः तैनाती से लोगों में एक सकारात्मक उम्मीद जगी है, जिसके लिए परिवहन मंत्री के प्रयास सराहनीय हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पेंशनर्स, कलेक्ट्रेट व कोषागार के कर्मचारी और गणमान्य शुभचिंतक उपस्थित रहे।










