विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर खुलवाते थे बैंक खाते, देशभर में 200 से ज्यादा शिकायतें दर्ज; पुलिस ने 27 ATM कार्ड समेत इलेक्ट्रॉनिक उपकरण किए बरामद
सोनभद्र। जिले में साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। साइबर थाना और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने 100 करोड़ रुपये से अधिक की कथित ठगी से जुड़े मामले में प्रयागराज निवासी सौरभ सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दुबई में बैठकर पूरे नेटवर्क का संचालन करता था।
जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य लोगों को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे। इन खातों का इस्तेमाल कथित तौर पर साइबर ठगी से हासिल रकम के लेनदेन में किया जाता था।
जिले के खातों में 37 करोड़ के संदिग्ध लेनदेन
पुलिस के अनुसार, सोनभद्र जिले से जुड़े बैंक खातों में करीब 37 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन की जानकारी सामने आई है। वहीं, इस नेटवर्क के संबंध में देशभर में 200 से अधिक साइबर शिकायतें दर्ज होने की बात कही गई है।
27 ATM कार्ड समेत सामान बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 27 ATM कार्ड, तीन मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद किया है। इसके अलावा नेपाली और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की मुद्रा भी बरामद होने की जानकारी दी गई है।
पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, बैंक खातों और संदिग्ध लेनदेन की कड़ियों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।










