योग गुरु बाबा रामदेव ने बागेश्वर धाम प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर फिर बड़ा बयान दिया है। हरिद्वार में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि भगवान कृष्ण पर दिए गए बयान से वह आहत थे, इसलिए उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री को अधिकारपूर्वक डांटा था। रामदेव ने सनातन धर्म के नाम पर विवाद बढ़ाने से बचने और समर्थकों से आपस में नहीं भिड़ने की अपील की।रामदेव ने कहा कि ईश्वर का अपमान करना सनातन परंपरा का हिस्सा नहीं है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में सभी के कल्याण की भावना निहित है। भगवान कृष्ण पर दिए गए बयान से उन्हें दुख हुआ, इसलिए उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री को फटकार लगाई। उनके मुताबिक, धीरेंद्र शास्त्री ने उनकी फटकार को सहजता से स्वीकार किया।रामदेव ने कहा कि देवताओं के बीच तुलना करना और ऐसी टिप्पणियां करना, जिससे उनका अपमान हो, सनातन परंपरा नहीं है। उन्होंने कहा कि देवताओं, जातियों और धर्मों के नाम पर किया जाने वाला भेदभाव समाज को तोड़ता है। रामदेव ने यह भी कहा कि सनातन धर्म को अंधविश्वास या पाखंड से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। उनके मुताबिक, सनातन धर्म दिव्य और वैज्ञानिक है तथा इसके मूल्य बहुत ऊंचे हैं।इससे पहले भगवान राम और श्रीकृष्ण की तुलना को लेकर रामदेव ने धीरेंद्र शास्त्री को नसीहत दी थी। इसके जवाब में धीरेंद्र शास्त्री ने कहा था कि रामदेव उनसे बड़े हैं और वह उनका दिया हुआ आशीर्वाद स्वीकार करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ समय पहले रामदेव उनकी प्रशंसा कर रहे थे, लेकिन अब वह जो कहना चाहें कह सकते हैं।दरअसल, मध्य प्रदेश के शिवपुरी के करैरा में आयोजित धार्मिक कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान राम और भगवान कृष्ण की तुलना की थी। उन्होंने भगवान राम के सीधे खड़े होने और चलने का जिक्र करते हुए अयोध्या को भी ‘सीधा’ बताया था। वहीं, भगवान कृष्ण की त्रिभंगी मुद्रा, उनकी चाल और वृंदावन के लिए ‘टेढ़ा’ शब्द का इस्तेमाल किया था। इसी बयान के बाद विवाद शुरू हुआ था।
”बाबा बागेश्वर को अधिकार से डांटा” ,धीरेंद्र शास्त्री को फटकारने पर बोले बाबा रामदेव










