पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/पनियरा।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने बुधवार को थाना पनियरा का निरीक्षण कर थाना परिसर की व्यवस्था, अभिलेखों के रख-रखाव तथा लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया और परिसर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित रखने के प्रयासों की सराहना की। साथ ही थाना प्रभारी और पुलिस कर्मियों को साफ-सफाई की व्यवस्था निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने थाने के अभिलेखों का अवलोकन करते हुए उनके पूर्ण एवं नियमित अद्यतन पर विशेष जोर दिया तथा संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने थाने में लंबित प्रार्थना पत्रों और विवेचनाधीन मामलों के निस्तारण की प्रगति की भी समीक्षा की।
इस दौरान उन्होंने थाना प्रभारी एवं पुलिस कर्मियों को जनता की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि आमजन को समय पर न्याय मिल सके।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थाना स्तर पर प्रभावी पुलिसिंग से ही जनता का विश्वास मजबूत होता है। उन्होंने अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस कर्मियों को सतर्कता एवं सक्रियता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने पर बल दिया।
थाना पनियरा का एसपी ने किया निरीक्षण, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश










