पूर्वांचल राज्य
अनपरा,( सोनभद्र) हिंडालको के रेनुसागर यूनिट हेड आर.पी. सिंह के मार्गदर्शन तथा एचआर हेड
आशीष पांडेय के दिशा-निर्देशन में ग्रामीण विकास विभाग रेनुसागर एवं भीमराव अम्बेडकर युवा क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय प्रांतीय स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का समापन
रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ।
बैरपान स्थित कबड्डी खेल मैदान में खेले गए फाइनल मैच में लोझरा और बैरपान की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
मुख्य अतिथि के रूप में हिंडालको रेनुसागर के विभागाध्यक्ष (मानव संसाधन) ब्रजेश कुमार वर्मा तथा विभागाध्यक्ष ट्रेनिंग सेंटर अनिल शर्मा उपस्थित रहे।
उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टॉस के माध्यम से मैच का शुभारंभ कराया।
टॉस जीतकर बैरपान की टीम ने डिफेंस चुना। रेड के लिए उतरी लोझरा की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक और अनुशासित खेल का प्रदर्शन किया।
निर्धारित समय में लोझरा ने शानदार खेल दिखाते हुए 36 अंक अर्जित किए, जबकि बैरपान की टीम 27 अंक ही जुटा सकी। पूरे मुकाबले के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया, जिससे दर्शकों का उत्साह चरम पर बना रहा।
लोझरा की टीम ने बेहतरीन रेड, सशक्त डिफेंस और बेहतर तालमेल के दम पर बढ़त बनाए रखी और अंततः 9 अंकों से जीत दर्ज कर प्रांतीय स्तरीय खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से आई टीमों ने भाग लिया, जिससे ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का मंच मिला। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में ग्रामीण विकास विभाग रेनुसागर के अधिकारी राजनाथ यादव, भोला बैसवार, देवमुरार यादव, जितेंद्र सिंह, दीनदयाल यादव, अजय कुमार, लखपति यादव सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।










