Home / Uncategorized / एक ही घर से दो शव मिले लापता किन्नर का बक्से में, युवक का फंदे पर लटकता मिला, पुलिस जांच में जुटी

एक ही घर से दो शव मिले लापता किन्नर का बक्से में, युवक का फंदे पर लटकता मिला, पुलिस जांच में जुटी

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। जनपद के बैरिया थाना क्षेत्र में एक ही घर से दो शव बरामद होने से हड़कंप मच गया। मृतकों में घर का युवक रवि गुप्ता (25) और तीन दिन से लापता किन्नर रेखा शामिल हैं। रवि का शव फंदे से लटका मिला, जबकि रेखा का शव घर की चौथी मंजिल पर एक बक्से में मिला। यह घटना गुरुवार सुबह रानीगंज बाजार सब्जी मंडी के पास सामने आई। गुरुवार सुबह रवि गुप्ता का शव उसके कमरे में फंदे पर झूलता मिला। जानकारी के अनुसार, बुधवार रात भोजन के बाद रवि तीसरी मंजिल पर सोने गया था। सुबह जब उसकी पत्नी उसे जगाने पहुंची, तो कमरे का दरवाजा खुला था और रवि रस्सी से लटका हुआ था। पत्नी ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और रवि के शव को कब्जे में लेकर थाने भेजा। तलाशी के दौरान, पुलिस को घर की चौथी मंजिल पर करकट शेड में रखे एक बड़े बक्से से किन्नर रेखा का शव मिला।
किन्नर रेखा पिछले तीन दिनों से लापता थी। जांच के दौरान, सीसीटीवी फुटेज में वह रवि गुप्ता के घर में प्रवेश करती दिखी थी, लेकिन उसे बाहर निकलते हुए नहीं देखा गया। इसी आधार पर पुलिस ने बुधवार को रवि गुप्ता और उसके पिता विजय गुप्ता से लंबी पूछताछ भी की थी, हालांकि उस समय कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई थी। पुलिस अब इस बात की छानबीन कर रही है कि युवक रवि ने आत्महत्या क्यों की और किन्नर रेखा का शव बक्से तक कैसे पहुंचा। पुलिस ने मृतक रवि के पिता विजय गुप्ता और उसकी पत्नी से थाने में घटना के संबंध में पूछताछ जारी रखी है। सूचना मिलते ही बैरिया सीओ मोहम्मद फहीम ब बैरिया थानाध्यक्ष दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए और घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच में जुट गए। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *