पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली )
महराजगंज, 21 फरवरी 2026।
तहसील फरेंदा में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने संयुक्त रूप से जनता की शिकायतें सुनीं और उनके त्वरित व निष्पक्ष निस्तारण का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जिनमें भूमि विवाद, राजस्व संबंधी प्रकरण और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन पूरी तरह संवेदनशील है। विशेष रूप से भूमि विवादों के त्वरित समाधान के लिए पहले से गठित भूमि विवाद सेल को सक्रिय रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। इस सेल में राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों की संयुक्त टीम बनाई गई है, जो मौके पर पहुंचकर शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण कर निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करेगी।
पुलिस अधीक्षक ने तहसील दिवस में उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए। जिन मामलों का निस्तारण उच्चाधिकारी स्तर से किया जाना आवश्यक हो, उन पर तत्काल आख्या लगाकर संबंधित अधिकारी को प्रेषित किया जाए, ताकि समाधान में विलंब न हो।
इसके अतिरिक्त जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी गण ने संबंधित उपजिलाधिकारियों के साथ तहसीलों में उपस्थित रहकर शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि प्रत्येक प्रकरण की निगरानी की जाएगी और लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाएगा।
फरेंदा तहसील में गूंजा जनता का स्वर: सम्पूर्ण समाधान दिवस पर डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादें









