Home / Uncategorized / टीईटी अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों की हुंकार, 26 फरवरी को जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन का ऐलान

टीईटी अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों की हुंकार, 26 फरवरी को जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन का ऐलान

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज, 20 फरवरी 2026। टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (टी एफ आई ) के बैनर तले टीईटी अनिवार्यता के विरोध में शुक्रवार को शिक्षक भवन, पूर्व माध्यमिक विद्यालय महराजगंज प्रथम में शिक्षकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ एवं महिला शिक्षक संघ के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में शिक्षकों ने प्रतिभाग कर आंदोलन की रणनीति पर विचार-विमर्श किया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में शिक्षा का अधिकार अधिनियम 27 जुलाई 2011 से लागू है, जिसके बाद नियुक्त होने वाले शिक्षकों के लिए टीईटी उत्तीर्ण करना अनिवार्य किया गया था। उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय के 1 सितम्बर 2025 के निर्णय के बाद पूर्व में नियुक्त शिक्षकों के लिए भी सेवा में बने रहने और पदोन्नति हेतु टीईटी उत्तीर्ण करना अनिवार्य कर दिया गया है, जो प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के विपरीत है। इस निर्णय के विरोध में टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने 22 फरवरी को दोपहर 2 बजे से ट्विटर अभियान चलाने, 23 से 25 फरवरी तक काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य करने तथा 26 फरवरी को जिला मुख्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष बैजनाथ सिंह ने कहा कि यदि शिक्षक एकजुट होकर संघर्ष करें, तो सरकार को अपने निर्णय पर पुनर्विचार करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। जिलामंत्री सत्येन्द्र कुमार मिश्र ने कहा कि 22 फरवरी को शिक्षक ट्विटर अभियान के माध्यम से इस निर्णय का विरोध दर्ज कराएंगे। जूनियर शिक्षक संघ के जिलामंत्री उपेंद्र पांडेय ने सभी शिक्षक संगठनों के एक मंच पर आने का स्वागत करते हुए संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। महिला शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष वंदना त्रिपाठी ने कहा कि महिला शिक्षक संघ टीएफआई के हर आंदोलन में मजबूती से साथ खड़ा रहेगा। जिला संयुक्त मंत्री अखिलेश पाठक ने कहा कि 26 फरवरी को जिला मुख्यालय पर शिक्षक ऐतिहासिक संघर्ष के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
बैठक में महिला कोषाध्यक्ष नेहा सिंह, पनियरा अध्यक्ष हरीश शाही, परतावल अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, बृजमनगंज अध्यक्ष अलाउद्दीन, नौतनवा अध्यक्ष राघवेंद्र पांडेय, लक्ष्मीपुर अध्यक्ष धन प्रकाश त्रिपाठी, मिठौरा अध्यक्ष विजय यादव, फरेंदा अध्यक्ष विजय पांडेय, सिसवा मंत्री धीरज कुमार शाही, घुघली मंत्री मनोज वर्मा, निचलौल मंत्री धन्नू चौहान, मिठौरा मंत्री चंद्र भूषण पटेल, पनियरा मंत्री राजेश यादव, परतावल मंत्री जगत सिंह, तहसील प्रभारी सदर सुधाकर राय, सह प्रभारी सतीश गुप्ता, शिवेंद्र श्रीवास्तव, संघर्ष समिति अध्यक्ष घुघली अवधेश भार्गव, मंत्री अजय पटेल सहित सैकड़ों शिक्षक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *