पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, विधान सभा क्षेत्र की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2026 के अंतर्गत आज विशेष अभियान दिवस का आयोजन किया गया। रविवार को मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद के विभिन्न मतदेय स्थलों (बूथों) का औचक निरीक्षण कर चल रहे कार्यों की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने बी.एल.ओ. को प्राप्त होने वाले दावों और आपत्तियों (फार्म 6, 7, और 8) के रजिस्टरों की गहनता से जाँच की। मतदाता सूची में नाम, फोटो या पते से संबंधित अशुद्धियों को सुधारने के लिए प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान सभी संबंधित बूथों पर बी.एल.ओ. उपस्थित पाए गए, जिन्हें निर्देशित किया गया कि वे निर्धारित समय तक अनिवार्य रूप से बूथ पर मौजूद रहें। मुख्य विकास अधिकारी ने स्थानीय नागरिकों से संवाद किया और अपील की कि वे अपने मताधिकार के महत्व को समझते हुए सूची में अपना नाम अवश्य चेक करें। प्रेस नोट के माध्यम से यह भी बताया गया कि नागरिक वोटर हेल्प लाइन ऐप” या वोटर सर्विस पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन दावे और आपत्तियाँ दर्ज करा सकते हैं।
सीडीओ ने स्पष्ट किया कि निर्वाचक नामावली को शुद्ध और पारदर्शी बनाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों में विशेष अभियान दिवस उत्साहपूर्वक संचालित किया गया और भारी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा विधान सभा क्षेत्र के विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान का औचक निरीक्षण










