पूर्वांचल राज्य /ब्यूरो
सोनभद्र, 22 फरवरी 2026।
जनपद सोनभद्र में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, विधिक अधिकारों की जानकारी और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा।
सोनभद्र पुलिस द्वारा आयोजित इस अभियान का संचालन पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में तथा क्षेत्राधिकारी यातायात डॉ. चारु द्विवेदी (सहायक नोडल अधिकारी, मिशन शक्ति 5.0) के नेतृत्व में किया गया। जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और ग्राम सभाओं में महिलाओं व बालिकाओं से संवाद स्थापित किया गया।
कार्यक्रमों के दौरान प्रतिभागियों को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के सरल उपाय, महिला उत्पीड़न से संबंधित कानूनी प्रावधानों, विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल व लिंक, सोशल मीडिया दुरुपयोग, बैंकिंग धोखाधड़ी और ओटीपी साझा न करने को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा या किसी भी प्रकार के साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस या संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। प्रत्येक शिकायत पर त्वरित एवं विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर:
112 – आपातकालीन सेवा
1090 / 1091 – महिला सुरक्षा हेल्पलाइन
181 – महिला हेल्पलाइन
1930 – साइबर अपराध हेल्पलाइन
1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
सोनभद्र पुलिस का यह अभियान महिला सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
सोनभद्र में मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला सुरक्षा व साइबर जागरूकता अभियान सम्पन्न










