पूर्वांचल राज्य/ ब्यूरो
सोनभद्र, 22 फरवरी 2026। जनपद के थाना करमा क्षेत्र के जुगनी जंगल में रविवार को पुलिस और वांछित गौ-तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी घोरावल राहुल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में गौ-तस्करों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में थाना घोरावल, करमा (सोनभद्र) और थाना राजगढ़ (मिर्जापुर) पुलिस को सूचना मिली कि गोवध निवारण अधिनियम से जुड़े मुकदमे में वांछित आरोपी जुगनी जंगल के रास्ते भागने की फिराक में हैं।
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल
पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में करन जायसवाल (27 वर्ष), निवासी बछाव पश्चिमपुरा, थाना रोहनिया, जनपद वाराणसी के दाहिने पैर में गोली लग गई। उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल में पुलिस अभिरक्षा में भर्ती कराया गया है।
दूसरा आरोपी सहाबे आलम, निवासी खुटहनिया थाना करमा, मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
हथियार व कारतूस बरामद
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 01 अवैध तमंचा .315 बोर, 01 जिंदा कारतूस तथा 02 खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पूर्व की घटना से जुड़ा मामला
पुलिस के अनुसार 21 फरवरी 2026 को थाना राजगढ़ क्षेत्र के ग्राम धनसिरिया में एक पिकअप वाहन (संख्या UP65 NT3216) में 7 गोवंशों को क्रूरता पूर्वक लादकर बिहार ले जाया जा रहा था। पुलिस की घेराबंदी के दौरान तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए थे। इस मामले में गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वाहन को सीज किया गया था।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपी करन जायसवाल पर गौ-तस्करी, गैंगस्टर एक्ट, हत्या सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में पूर्व से कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
सोनभद्र में पुलिस मुठभेड़: एक गौ-तस्कर घायल गिरफ्तार, अवैध तमंचा बरामद










