पूर्वांचल राज्य/ ब्यूरो
सोनभद्र, 22 फरवरी 2026। जनपद के सोनभद्र में थाना दुद्धी पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के वांछित ₹25,000 के इनामी अभियुक्त को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस, एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और ₹1,150 नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 1 जनवरी 2026 को थाना दुद्धी में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसकी विवेचना के दौरान सूरज कुमार पुत्र उदयचन्द्रवंशी निवासी घिवही, थाना विंढमगंज की संलिप्तता सामने आई थी। उसकी गिरफ्तारी पर ₹25,000 का इनाम घोषित था।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को थाना दुद्धी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त मोटरसाइकिल से दुद्धी की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर अमवार तिराहा पर वाहन चेकिंग शुरू की गई।
इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो ग्राम खजुरी के पास रेलवे अंडरपास के निकट उसकी बाइक फिसल गई। पुलिस का दावा है कि इसके बाद अभियुक्त ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिससे अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लग गई।
घायल अभियुक्त को तत्काल सीएचसी दुद्धी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय लोढ़ी, रॉबर्ट्सगंज रेफर कर दिया गया। वह पुलिस अभिरक्षा में है।
पुलिस के मुताबिक अभियुक्त पर गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित तीन मुकदमे दर्ज हैं। मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।
सोनभद्र में मुठभेड़: ₹25 हजार का इनामी गैंगस्टर घायल, अवैध तमंचा व कारतूस बरामद










