पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज /घुघली
महराजगंज जनपद के व्यस्ततम चौराहों में शामिल शिकारपुर मुख्य चौराहा इन दिनों अतिक्रमण और अव्यवस्थित टैक्सी स्टैंड की वजह से हादसों का केंद्र बनता जा रहा है। सोमवार को भीड़भाड़ के बीच एक टैंपो चालक ने मारुति कार में जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई, लेकिन यह घटना एक बड़ी त्रासदी का संकेत दे गई।
भीड़, अव्यवस्था और खुलेआम खड़ी गाड़ियां
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शिकारपुर मुख्य चौराहे पर टैक्सी और टैंपो चालकों द्वारा सड़क पर ही वाहन खड़े कर सवारी भरने की होड़ मची रहती है। सड़क का एक बड़ा हिस्सा अवैध रूप से घेर लिया जाता है, जिससे आम वाहनों को निकलने में भारी दिक्कत होती है। सोमवार को भी इसी अव्यवस्था के बीच अचानक ब्रेक और ओवरटेक के प्रयास में टैंपो मारुति कार से जा भिड़ा।
कभी भी ले सकता है भयावह रूप
स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने अतिक्रमण और अवैध टैक्सी स्टैंड पर रोक नहीं लगाई, तो भविष्य में कोई बड़ी जानलेवा दुर्घटना हो सकती है। स्कूल के बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को रोज इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है।
आखिर कब हटेगा अतिक्रमण?
सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर प्रशासन कब जागेगा? कई बार शिकायतों के बावजूद शिकारपुर चौराहे से टैक्सी स्टैंड नहीं हटाया गया। यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और जिम्मेदार विभाग मौन दिखाई दे रहे हैं।
प्रशासन से मांग
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और यातायात विभाग से मांग की है कि
तत्काल अवैध टैक्सी स्टैंड हटाया जाए।सड़क किनारे अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई हो।स्थायी ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाए।पुलिस की नियमित तैनाती सुनिश्चित की जाए
शिकारपुर चौराहे की यह घटना प्रशासन के लिए चेतावनी है। यदि अब भी कदम नहीं उठाए गए तो अगली खबर किसी बड़ी दुर्घटना की हो सकती है।
शिकारपुर चौराहे पर अतिक्रमण का कहर: भीड़ में टैंपो ने मारी मारुति को टक्कर, टली बड़ी दुर्घटना










