Home / Uncategorized / होली से पहले दुरुस्त होंगी स्ट्रीट लाइटें, त्योहार के बाद शुरू होगा नाला सफाई का महाअभियान

होली से पहले दुरुस्त होंगी स्ट्रीट लाइटें, त्योहार के बाद शुरू होगा नाला सफाई का महाअभियान

पूर्वांचल राज्य वाराणसी। नगर निगम ने होली से पूर्व शहर की सभी खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराने का निर्णय लिया है, ताकि त्योहार के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही भीषण गर्मी की आहट को देखते हुए जल संकट से निपटने के लिए 31 मार्च तक शहर के सभी सार्वजनिक कुओं की सफाई पूर्ण करने का लक्ष्य तय किया गया है। अब तक 55 कुओं की सफाई पूरी की जा चुकी है, जबकि 151 कुओं पर कार्य प्रारंभ हो चुका है।
मैदागिन स्थित टाउनहॉल भवन में सोमवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित साधारण अधिवेशन की बैठक शहर की जनसमस्याओं के समाधान और विकास के रोडमैप पर केंद्रित रही। महापौर ने निर्देश दिया कि होली के बाद मानसून में जलभराव की समस्या से निपटने हेतु शहर के सभी छोटे-बड़े नालों की तली झाड़ सफाई का व्यापक अभियान चलाया जाए।
बैठक में नगर निगम अधिनियम 1959 की धारा 91 (2) के तहत जलकर में 100 प्रतिशत सरचार्ज माफी का लाभ 24 फरवरी से प्रत्येक वार्ड में घर-घर प्रचारित कराने का निर्णय लिया गया। महापौर ने अधिकारियों को इसका लाभ अधिकतम नागरिकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही 15 मार्च तक नालियों के ऊपर बने अवैध चबूतरे और सीढ़ियां हटाने का अवसर देने तथा इसके बाद ध्वस्तीकरण व जुर्माना लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया।

गर्मी को देखते हुए सीएसआर फंड से लगाए गए वाटर कूलरों की 15 दिनों के भीतर मरम्मत कराने और नए स्थानों के चयन का प्रस्ताव भी सदन में रखा गया। बहुमंजिला इमारतों के टैक्स असेसमेंट की समीक्षा के दौरान बताया गया कि शहर में 323 बहुमंजिला इमारतों के 13,997 फ्लैटों में से 1,081 फ्लैट अभी कर के दायरे से बाहर हैं। अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि आगामी वित्तीय वर्ष से पूर्व सभी को कर दायरे में लाकर राजस्व वृद्धि सुनिश्चित की जाए।
सदन में पशु चिकित्सा विभाग ने जानकारी दी कि अब तक 886 पालतू कुत्तों का पंजीकरण तथा 19,000 आवारा कुत्तों का बन्ध्याकरण किया जा चुका है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि नए वित्तीय वर्ष से बन्ध्याकरण कार्य और तेज किया जाएगा।
पुराने अभिलेखों के डिजिटलीकरण पर चर्चा करते हुए बताया गया कि 55 वर्ष पुराने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों को ऑनलाइन करने की प्रक्रिया उत्तर प्रदेश नगर निगम अधिनियम 1959 की धारा 454 के अंतर्गत प्रचलित है।

बैठक से पूर्व नगर आयुक्त ने प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रस्तावित परियोजनाओं की प्रस्तुति दी, जिसमें सीएम ग्रिड्स योजना के तहत सड़क निर्माण, डॉ. सम्पूर्णानंद स्टेडियम परिसर में पार्किंग व मार्केट कॉम्प्लेक्स, लहुराबीर-कबीरचौरा रोड परियोजना, सिगरा स्थित निगम पेट्रोल पंप परिसर का विकास तथा डोमरी क्षेत्र में 300 बीघा में वन विकसित करने जैसी योजनाएं शामिल रहीं।
बैठक के उपरांत महापौर ने टाउनहॉल परिसर में आरआरआर सेंटर का उद्घाटन किया, जहां नागरिक पुराने कपड़े, जूते-चप्पल एवं पुस्तकें दान कर सकेंगे। बैठक का शुभारंभ ‘वंदे मातरम्’ एवं समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
बैठक में अपर नगर आयुक्त सविता यादव, संगम लाल, अमित कुमार सिंह, परिषद प्रभारी विनोद कुमार गुप्ता, संयुक्त नगर आयुक्त कृष्णचंद सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं पार्षद उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *