पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज। आगामी त्योहारों के दृष्टिगत जिले के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। उपजिलाधिकारी शैलेंद्र गौतम और क्षेत्राधिकारी अनिरुद्ध कुमार के नेतृत्व में 23 फरवरी 2026 को रात 8 बजे फरेंदा कस्बे और आनंदनगर रेलवे स्टेशन के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल ने पैदल गश्त की। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम जनता में शांति व सुरक्षा का एहसास कराना था।गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की गई। पुलिसकर्मियों ने आनंदनगर रेलवे स्टेशन परिसर, मुख्य बाजार, बस स्टैंड और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर व्यापक पैदल मार्च किया। यात्रियों, दुकानदारों व राहगीरों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। क्षेत्राधिकारी अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि आसपास के गांवों से आने वाले संदिग्धों की तलाशी ली गई और पहचान-पत्रों की सघन जांच हुई। कुछ संदिग्ध वाहनों को भी रोका गया।प्रशासन की सख्ती से जनता में भरोसा बढ़ाउपजिलाधिकारी शैलेंद्र गौतम ने कहा कि त्योहारों के दौरान शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। आनंदनगर रेलवे स्टेशन प्रतिदिन हजारों यात्रियों का महत्वपूर्ण जंक्शन है, जबकि फरेंदा कस्बा कृषि प्रधान क्षेत्र होने से बाजारों में हमेशा चहल-पहल रहती है। भीड़भाड़ वाले इन स्थानों पर अपराध की आशंका अधिक होने से विशेष अभियान तेज किया गया है। एक स्थानीय व्यापारी ने कहा, “पुलिस की सक्रियता से त्योहार मनाने में मन को सुकून मिलता है।”निरंतर गश्त व तकनीकी निगरानी का ऐलानक्षेत्राधिकारी अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि यह गश्त अभियान लगातार जारी रहेगा। थाना प्रभारी, चौकी इंचार्ज व अन्य अधिकारी इसमें शामिल रहेंगे। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी बढ़ा दी गई है और हेल्पलाइन नंबर सक्रिय रखे गए हैं। प्रशासन ने अपील की है कि कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत सूचना दें।
आनंदनगर में सुरक्षा गश्त तेज, त्योहारों को शांति सुनिश्चित करने प्रशासन अलर्ट









