Home / Uncategorized / अग्निवीर शहीद धीरज गुप्ता के परिजनों से मिले जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक, हर संभव सहायता का दिलाया भरोसा

अग्निवीर शहीद धीरज गुप्ता के परिजनों से मिले जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक, हर संभव सहायता का दिलाया भरोसा

डीएम,एसपी ने शहीद धीरज की माता जी को आवासीय भूमि आवंटन का प्रदान किया प्रमाण पत्र

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शहीद धीरज गुप्ता का बलिदान सदैव जनपद एवं देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा तथा प्रशासन शहीद परिवार के साथ हर परिस्थिति में खड़ा है।

 

भदोही 23 फरवरी 2026/
जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने अग्निवीर शहीद धीरज गुप्ता के घर पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने शहीद के परिजनों से भेंट कर उन्हें ढांढ़स बंधाया तथा शासन द्वारा हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने शहीद की माता जी, भाई दीपक, नीरज, बहनों एवं जीजा अवधेश सहित समस्त परिजनों के साथ बैठकर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शहीद के भाई दीपक (बीएससी उत्तीर्ण) एवं नीरज (आईटीआई) को आगे की शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों हेतु प्रेरित करते हुए प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

जिलाधिकारी ने बताया कि उनकी शहीद धीरज गुप्ता के बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर से दूरभाष पर वार्ता हुई है, जिसमें शहीद को मिलने वाली बीमा राशि, अग्निवीर योजना के अंतर्गत आर्थिक सहायता तथा अन्य देय लाभों के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि यदि किसी भी प्रकार के दस्तावेज की आवश्यकता होगी तो जिला प्रशासन भदोही द्वारा तत्काल सैन्य अधिकारियों को उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे परिजनों को शीघ्र सभी लाभ प्राप्त हो सकें।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा परिवार भूमिहीन एवं कृषिहीन होने की स्थिति पर
शहीद की माता जी को आवासीय भूमि आवंटन का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया, जिससे उनके आवास की समस्या का समाधान सुनिश्चित हो सके।

परिजनों से संवाद के उपरांत जिलाधिकारी ने शहीद के सम्मान में उनके घर तक संपर्क मार्ग का निर्माण, खेल मैदान/शहीद पार्क का निर्माण एवं उसका नामकरण शहीद धीरज गुप्ता के नाम पर करने तथा कृषि भूमि का पट्टा प्रदान करने जैसे प्रस्तावित कार्यों के संबंध में आवश्यक कार्यवाही कराने का भरोसा दिलाया।
इसके अतिरिक्त, शहीद के घर के समीप सोलर हाई मास्क लाइट के बेस निर्माण का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा एक-दो दिनों के भीतर विद्युत पोल एवं लाइट स्थापित कर दी जाएगी,जिससे क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ होगी।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शहीद धीरज गुप्ता का बलिदान सदैव जनपद एवं देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा तथा प्रशासन शहीद परिवार के साथ हर परिस्थिति में खड़ा है।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री रंगनाथ मिश्रा, जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, ब्लॉक प्रमुख औराई बृजमोहन मिश्र, उप जिलाधिकारी औराई श्याममणि त्रिपाठी, राजस्व टीम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में जनमानस उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *