पूर्वांचल राज्य/चंदौली
चंदौली।जिले में जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से सोमवार को सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। सदर तहसील सभागार में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने की, जहां फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से निर्विवाद वरासत सहित अन्य मामलों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निपटाने के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 30 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 3 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं 2 मामलों में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को स्थलीय निरीक्षण के लिए भेजा गया। शेष प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को समयसीमा निर्धारित कर निर्देशित किया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि अधिकांश शिकायतें भूमि, विकास, सिंचाई, विद्युत एवं पुलिस विभाग से संबंधित थीं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर समाधान करना अनिवार्य है, ताकि आमजन को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने उपजिलाधिकारियों को तीन वर्ष से अधिक पुराने लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए। साथ ही तीन से अधिक लंबित मामलों को तत्काल प्रभाव से हल करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, उपजिलाधिकारी दिव्या ओझा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, एआर कॉपरेटिव, जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास), तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी तथा नगर पंचायत चंदौली के अधिशासी अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










