पूर्वांचल राज्य/चंदौली
चंदौली।जनपद में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत एचपीवी (HPV) वैक्सीन का आज शुभारंभ किया गया। इस अभियान की शुरुआत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा० वाई० के० राय द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र चंदौली में फीता काटकर की गई।
इस अवसर पर डा० राय ने बताया कि भारत सरकार द्वारा सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन (Gardasil-4) का सिंगल डोज लगाया जाएगा। यह वैक्सीन उन बालिकाओं को दी जाएगी जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है, लेकिन 15 वर्ष की आयु पूरी नहीं हुई है।
कार्यक्रम में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा० ए०के० दूबे, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डा० हीरा लाल, वीसीसीएम श्री आसिफ कलाम, बीपीएम श्री प्रवीण कुमार सहित एएनएम, आशा कार्यकर्ता एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।
डा० ए०के० दूबे ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और कई देशों में इसे पहले से ही सफलतापूर्वक लगाया जा रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इसका कोई गंभीर दुष्प्रभाव नहीं होता है। टीकाकरण के बाद हल्का बुखार आना सामान्य है, जो शरीर में वैक्सीन के प्रभाव को दर्शाता है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह वैक्सीन जल्द ही जनपद के अन्य ब्लॉक स्तरीय सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, राजकीय महिला चिकित्सालय मुगलसराय, मेडिकल कॉलेज चंदौली तथा जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया में भी उपलब्ध कराई जाएगी। सभी स्थानों पर यह टीका निःशुल्क लगाया जाएगा।
लाभार्थी बालिकाएं U-WIN डिजिटल प्लेटफॉर्म (https://uwin.mohfw.gov.in/home) पर पंजीकरण कर अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर टीकाकरण के लिए स्लॉट बुक कर सकती हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने जनपद के अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बेटियों को यह टीका अवश्य लगवाएं, ताकि उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।










