पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/घुघली
महराजगंज नगर क्षेत्र के अमरुतीय स्थित पासी टोला में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कथित तौर पर झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से 17 वर्षीय किशोरी मोनिका की मौत हो गई, जिसके बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशोरी को हल्का बुखार होने पर परिजन इलाज के लिए बैकुंठपुर चौराहे पर स्थित एक मेडिकल स्टोर से जुड़े झोलाछाप डॉक्टर के पास ले गए थे। आरोप है कि डॉक्टर द्वारा लगाए गए इंजेक्शन के कुछ ही देर बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई और वह अचेत हो गई।घबराए परिजन तुरंत उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दुखद खबर के फैलते ही गांव में गुस्सा भड़क उठा और बड़ी संख्या में लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए।आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को अपने कब्जे में लेकर फरेंदा-गोरखपुर मार्ग पर सक्सेना चौराहा पर जाम लगा दिया। कई घंटे तक सड़क जाम रहने से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस मौके पर तैनात करनी पड़ी।सदर कोतवाल निर्भय सिंह और सीओ सदर अंकुर गौतम ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।काफी मशक्कत के बाद देर रात पुलिस के आश्वासन और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद जाम समाप्त कराया गया। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 105 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।










