Home / Uncategorized / कांग्रेस ने बांसडीह में 14 सूत्रीय मांगों को लेकर दिया धरना एसडीएम को सौंपा मांगपत्र

कांग्रेस ने बांसडीह में 14 सूत्रीय मांगों को लेकर दिया धरना एसडीएम को सौंपा मांगपत्र

भ्रष्टाचार और अवैध कारोबार को लेकर सरकार पर जमकर बरसी

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। बांसडीह तहसील परिसर में सोमवार को कांग्रेस पार्टी ने जनहित की 14 सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। यह धरना दोपहर से शाम चार बजे तक चला, जिसके बाद उपजिलाधिकारी अभिषेक प्रियदर्शी को एक मांगपत्र सौंपा गया। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी और प्रदेश प्रवक्ता पुनीत पाठक ने किया, जबकि जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाठक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार तथा स्थानीय विधायक के खिलाफ नारेबाजी की। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार जनसमस्याओं के प्रति उदासीन है और विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित हैं। जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और अव्यवस्था चरम पर है, जबकि सरकार दिखावटी योजनाओं में व्यस्त है। उन्होंने बांसडीह सहित पूरे जिले की उपेक्षा का आरोप लगाया। पाठक ने चेतावनी दी कि यदि जनसमस्याओं का समाधान शीघ्र नहीं हुआ तो कांग्रेस व्यापक आंदोलन करेगी।आयोजक पुनीत पाठक ने भाजपा सरकार और क्षेत्रीय विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में विकास के बजाय कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार हावी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना पैसे दिए कोई काम नहीं हो रहा है और योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच पा रहा है। पुनीत पाठक ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में शराब तस्करी और अवैध कारोबार फल-फूल रहे हैं, लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधि इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उनके अनुसार, इससे सामाजिक व्यवस्था बिगड़ रही है और युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ रहा है। कांग्रेस द्वारा सौंपे गए 14 सूत्रीय मांगपत्र में खाद्यान्न योजना को पुराने स्वरूप में लागू करने, सुरहा ताल को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने, गांवों के पोखरों-तालाबों के नवीनीकरण, न्याय पंचायत स्तर पर पीएचसी निर्माण, बस सेवा विस्तार, पीएचसी को सीएचसी में अपग्रेड करने, इंजीनियरिंग व मेडिकल कॉलेज खोलने, किसानों के लिए क्रय केंद्र, टीएस बंधा को मजबूत करने, स्कूलों में स्मार्ट क्लास, पकड़िया ताल का सुंदरीकरण और जर्जर सड़कों की मरम्मत जैसी मांगें शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *