पूर्वांचल राज्य ब्यूरो वाराणसी
वाराणसी। संकट मोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वम्भरनाथ मिश्र ने दस दिवसीय हनुमज्जयंती महोत्सव के बारे में विधिवत जानकारी देते हुए पत्रकार वार्ता में बताया कि हनुमज्जयंती महोत्सव के पावन अवसर पर चैत्र शुक्ल पक्ष पूर्णिमा 2 अप्रैल को संकट मोचन मंदिर प्रांगण में श्री संकट मोचन हनुमान जी महाराज का विशेष शृंगार, झांकी, आरती, पूजन होगा। इस दौरान प्रात:कालीन सत्र में शहनाई वादन, ब्राह्मणों द्वारा रुद्राभिषेक, श्री रामचरित मानस का एकाह पाठ, श्री सीताराम संकीर्तन, रामार्चापूजन, श्री रामचरित मानस का सुंदरकांड का पाठ, सायं 5 बजे रामकृष्ण मिशन के कीर्तन मंडलियों का संकीर्तन आयोजन होगा।
इस दौरान रात्रिपर्यन्त नगर के विभिन्न रामायण मंडलियों द्वारा रामचरित मानस का अखंड पाठ आयोजित होगा। इसी क्रम में 3 अप्रैल से 5 अप्रैल तक सार्वभौम रामायण सम्मेलन आयोजित किया जायेगा। जिसमें काशी तथा देश के अनेक ख्यातिप्राप्त मानस वक्ताओं की कथा सायं 5 बजे से रात्रि 10 बजे तक होगी। जिसमें मुख्य रूप से पं. उमाशंकर शर्मा (बरेली), डा. भारत भूषण पांडेय (आरा), पं. चंद्रकांत चतुर्वेदी (भभुआ) भाग लेंगे।
इसके पश्चात श्री संकट मोचन मंदिर प्रांगण में 6 अप्रैल से 11 अप्रैल तक छह दिवसीय रात्रिव्यापी मुक्ताकाशी संकट मोचन संगीत समारोह, जिसका 103वां वर्ष है, आयोजित किया जायेगा। सम्पूर्ण रूप से शास्त्रीय संगीत पर आधारित इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कलासाधक अपनी हाजिरी लगायेंगे। इस बार संगीत समारोह में पद्म अवार्डी व प्रथम प्रवेशी कलाकार शिरकत करेंगे।
6 अप्रैल, सोमवार- रूपवाणी संस्था की प्रस्तुति (नृत्य नाटिका), पं. राहुल शर्मा (संतूर), सुश्री विधालाल (कथक), एस. आकाश- यद्नेश रायकर (बांसुरी-वायलिन), विदुषी मालिनी अवस्थी (गायन), श्री राहुल मिश्रा (तबला सोलो), पं. हरविंदर शर्मा (सितार) सुश्री शिखा भट्टाचार्या (कथक)।
7 अप्रैल, मंगलवार- पं. यू राजेश, पं. शिवमणि (मेण्डोलिन-ड्रम), पं. विश्वमोहन भट्ट, सलील भट्ट (मोहनवीणा-सात्विक वीणा), श्री जरगाम अकरण खां, श्री खुर्रम अली नियाजी (तबला युगलबंदी), उस्ताद गुल्लाम अब्बास खां (गायन), पं. शुभ महाराज (तबला सोलो), पं. कुशल दास (सितार), पं. रतन मोहन शर्मा (गायन)।
8 अप्रैल, बुधवार: पं. उल्लाहस कसालकर-श्री ओजस प्रताप सिंह (गायन), पं. विवेक सोनार (बांसुरी), विदुषी जसपिन्दर नरूला (गायन), विदुषी कौशिकी चक्रवर्ती (गायन), पं. देवाशीष भट्टाचार्या (गिटार), पं. महेश काले (गायन), पं. आलोक लाहिड़ी-अभिषेक लाहिड़ी (सरोद)
9 अप्रैल, गुरुवार: पं. देवज्योति बोस (सरोद), श्री कृतिया नरसिंह राणा (ओडिसी), पं. यू राजेश- राजेश वैद्या (मेण्डोलिन-सरस्वती वीणा), पं. अनूप जलोटा (गायन), पं. सतीश ब्यास (संतूर), पं. अजय पोहनकर (गायन), पं. जयतीर्थ मेउंडी (गायन)।
10 अप्रैल, शुक्रवार: पं. राममोहन महाराज (कथक), पं. तेजेन्द्र नारायण मजूमदार (सरोद), पं. रोनू मजूमदार (बांसुरी), विदुषी कंकना बनर्जी (गायन), उस्ताद मसकूर अली खां (गायन), अमरेंद्र मिश्र (सितार), अनिरुद्ध भट्टाचार्या (गायन), अभिषेक व्यास (मकरंद वीणा)।
11 अप्रैल, शनिवार: पं. रतिकांत महापात्रा- सुजाता महापात्रा (ओडिसी), मेहताब अली नियाजी (सितार), विदुषी कलापिनी कोमकली (गायन), शिराज अली खां (सरोद), पं. अभय रुस्तम सोपोरी (शततंत्री वीणा), पं. हरीश तिवारी (गायन), उस्ताद शाकिर खां (सितार), पं. साजन मिश्र- स्वरांश मिश्र (गायन)।










