साधारण परिवार की बेटी ने मेहनत और लगन से पाई बड़ी सफलता, चंदौली जिले में खुशी की लहर
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) की कृष्णा नगर कॉलोनी, चंधासी निवासी कंचन गुप्ता ने UPPCS 2024 परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 9 प्राप्त कर वाणिज्य कर विभाग में असिस्टेंट कमिश्नर (कमर्शियल टैक्स) का प्रतिष्ठित पद हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे चंदौली जिले में गर्व और उत्साह का माहौल है।कंचन एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता नरेश कुमार चकिया ब्लॉक के एक प्राथमिक विद्यालय में हेडमास्टर हैं, जबकि माता वंदना देवी गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद कंचन ने अपने दृढ़ संकल्प और कठिन परिश्रम के बल पर यह मुकाम हासिल किया।शैक्षणिक दृष्टि से कंचन का प्रदर्शन शुरू से ही उत्कृष्ट रहा है। उन्होंने वर्ष 2017 में केंद्रीय विद्यालय से 10वीं में 9.2 CGPA हासिल किया और 2019 में 12वीं परीक्षा में 71% अंक प्राप्त किए। इसके बाद उन्होंने 2022 में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र (ऑनर्स) में स्नातक किया। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी थी।कंचन अपनी सफलता का श्रेय सिलेबस की गहन समझ और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों (PYQ) के नियमित अभ्यास को देती हैं। उनका कहना है कि “सही दिशा में निरंतर मेहनत ही सफलता की असली कुंजी है।” उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय ईश्वर, माता-पिता और शिक्षकों को दिया।कंचन की सफलता पर उनकी माँ वंदना देवी ने खुशी जताते हुए कहा, “हमारी बिटिया ने हमारा नाम रोशन किया है।” वहीं पिता नरेश कुमार ने कहा, “हमें उस पर गर्व है, वह शुरू से ही मेधावी रही है।”
कंचन की इस उपलब्धि से न सिर्फ उनका परिवार, बल्कि पूरा मुगलसराय और चंदौली जिला गौरवान्वित है। स्थानीय लोगों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है। उनकी सफलता क्षेत्र के हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।










