पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली) पल्टू मिश्रा
महराजगंज ,जनपद के पुरैनाखंडीचौरा स्थित सरदार पटेल बालिका इंटर कॉलेज के लिए आज का दिन गर्व और उत्साह से भरा रहा, जब इसी विद्यालय के पूर्व छात्र अरविंद कुमार गुप्ता ने पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर वाणिज्य कर अधिकारी के पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया।
अरविंद कुमार गुप्ता की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में प्रार्थना सभा के दौरान एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जहां उन्हें माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना से की गई। इसके बाद प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने अरविंद गुप्ता की सफलता को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत और लगन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है, जिसका जीवंत उदाहरण अरविंद गुप्ता हैं।
सम्मान समारोह में अरविंद गुप्ता ने अपने अनुभव साझा करते हुए छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि निरंतर अध्ययन, अनुशासन और आत्मविश्वास सफलता की कुंजी है। उन्होंने छात्राओं से बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए लगातार प्रयास करने का संदेश दिया।
इससे पूर्व ग्रामीणों एवं विद्यालय प्रबंधन द्वारा उनके आवास पर जाकर भी उन्हें बधाई दी गई और सम्मानित किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान तालियों की गूंज और उत्साह का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ, अभिभावकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं, जिन्होंने अरविंद गुप्ता की सफलता पर गर्व व्यक्त किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गांव के लाल अरविंद गुप्ता बने PCS अधिकारी, स्कूल में हुआ भव्य सम्मान—छात्राओं के लिए बने प्रेरणा स्रोत










